आत्महत्याओं का बढ़ रहा ग्राफ, छोटी बातों पर हो रही असामयिक मौतें
पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आत्महत्याओं का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसा कोई दिन नहीं जा रहा जब सुसाइड की घटनाएं न हो रही हों। लोग डिप्रेशन में आकर छोटी छोटी बातों पर जान देने पर तुले हैं। महानगर में पत्नी से झगड़े के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। जबकि एक युवक ने तनाव में फांसी लगा ली।
लिसाड़ीगेट थानांतर्गत रशीद नगर निवासी गुलाम नबी ने अलीगढ़ में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। बुधवार को गुलाब नबी की पत्नी, शौहर के शव को लेकर मेरठ पहुंची। यहां ससुराल वालों के सामने महिला ने रो-रोकर कहा कि शौहर को अचानक दौरा पड़ा और मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने जब लाश को चेक किया, तो गले पर उन्हें निशान नजर आए।
दो महीने पहले अलीगढ़ गया था। बहू पर शक के चलते मृतक के घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाश के गले पर रस्सी का निशान देखे, तो सुसाइड का शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने मृतक के घरवालों से पूछताछ शुरू कर दी। घरवालों ने बताया कि दो माह गुलाब नबी अपने बीबी, बच्चों के साथ अलीगढ़ रहने चला गया था।
परिजनों ने बताया कि मृतक की पत्नी की परिवार में बनती नहीं थी। पत्नी अक्सर शौहर से परिवार से अलग रहने को कहती थी। दो माह पहले पत्नी के दबाव में आकर गुलाम नबी अपने बीबी-बच्चों के साथ अलीगढ़ जाकर रहने लगा। वहीं काम करने लगा। तब से हमारा इनसे कोई संपर्क नहीं था। बुधवार सुबह मृतक की पत्नी शौहर का शव और बच्चों को लेकर यहां आई।
बताया कि पति को अचानक दौरा पड़ा और मौत हो गई। लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी कुलदीप सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के बेगमबाग मस्जिद के सामने वाली गली में 35 साल के युवक ने फांसी लगाकर जान दी। मृतक का नाम सतवंत सिंह गांधी। बाउंड्री रोड स्थित एक होटल में मैनेजर था सतवंत सिंह। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार किया।
पहले भी हुए मामले
पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की अक्षरधाम कॉलोनी में सत्यम (26) पुत्र अरुण आनंद शुक्रवार शाम को घर से बिना बताए चला गया था। वह मोबाइल और अपने सारे कागज घर पर ही छोड़ गया था। पुलिस को उसका शव पावली खास में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। पुलिस के अनुसार, सत्यम के पिता अरुण आंनद परतापुर की एक कंपनी में कार्यरत है। थाना नौचंदी क्षेत्र में 23 साल के युवक ने पंखे से फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली।
परिजनों का आरोप है कि उसका एक मुस्लिम लड़की से अफेयर था और वह उसी केसाथ ही रह रहा था। लड़की और उसके परिजन युवक पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहे थे। इसी से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। जानी थाना क्षेत्र में युवती से ब्रेकअप हो जाने के बाद प्रेमी ने उससे बदला लेने की सोची और फिर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला।
उसने पहले अपने दोस्त के साथ जमकर शराब पी फिर उसके बाद ब्रेकअप की घटना से आहत होकर प्रेमिका के घर पहुंचा। वहां उसने प्रेमिका के सीने में गोली मारकर हत्या कर दी और उसके बाद प्रेमी शुभम ने खुद की कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
ब्रहमपुरी थाना क्षेत्र के सूर्यपुरम रेलवे ट्रैक पर बुधवार करीब 10 रात ट्रेन की चपेट में आने से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शव के आसपास काफी किराने का प्रयास किया, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। ब्रहमपुरी थाना प्रभारी विष्णु कौशिक का कहना है कि ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। शव की फिलहाल पहचान नहीं हुई हैं।
हाइवे पर हादसे में स्कूटी सवार की मौत
मोदीपुरम: शोभित विवि के सामने बुधवार देर शाम एक ट्रक के चालक ने ब्रेक मार दिए। जिस कारण पीछे चल रहा स्कूटी सवार ट्रक में घुस गया। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए युवक के शव को लेकर घर आए गए। दौराला कस्बे के रेलवे फाटक निवासी राज 25 वर्ष पुत्र अजय बुधवार को इलेक्ट्रिक स्कूटी से किसी काम से मोदीपुरम गया था।
देर शाम वापस लौटने के दौरान वह एक ट्रक के पीछे चल रहा था। शोभित विवि के सामने पहुंचने पर अचानक ट्रक ने ब्रेक मार दिए। जिस कारण स्कूटी सवार राजा ट्रक के पीछे स्कूटी लेकर घुस गया। हादसे में राजा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। मौके पर एकत्रित हुई भीड़ ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी।
जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। जिस पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हादसे की जानकारी मिलने पर पड़ोसी मृतक परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
मैनापूठी में बीमारी से फौजी की मौत
सरूरपुर: थाना क्षेत्र के गांव मैनापूठी निवासी सतीश (36) पुत्र रणवीर एयरफोर्स के तकनीकि डिपार्टमेंट में भर्ती हुए थे। वे जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। जिसके बाद पिछले एक सप्ताह पहले सतीश छुट्टी लेकर गांव आए थे। दो दिन बाद पेट में दर्द होने पर वे मिलिट्री अस्पताल में भर्ती हुए, लेकिन आराम न होने के कारण उनको दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने बताया कि बुधवार को दिल्ली अस्पताल में सतीश की मौत हो गई। जिसकी जानकारी लगने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिवार में एक पुत्र लव व पुत्री विदुशी, पत्नी निशा का रो-रोकर बुरा हाल बना था। बुुधवार रात उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा और सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
अमेरिका में रह रहे युवक का हार्ट अटैक से निधन
मोदीपुरम: पल्लवपुरम फेज वन निवासी अश्विनी शर्मा के इकलौते पुत्र का अमेरिका में बैडमिंटन खेलते हुए बुधवार को अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया। अमेरिका की ही नागरिकता ले ली थी। अश्विनी के दो बच्चे और पत्नी अमेरिका में रहते हैं। अश्विनी शर्मा परिवहन विभाग के अधिकारी पद से रिटायर है और पल्लवपुरम रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी भी है। वार्ड-27 से भाजपा के पार्षद का चुनाव भी लड़ चुके हैं और भाजपा के मंडल पदाधिकारी भी है। वह अंतिम संस्कार के लिए अमेरिका निकल गए हैं।
ठेकेदार ने नौकरी से निकाला, कर्मचारी ने दी जान
मेडिकल के एक आऊटसोर्सिंग कर्मचारी ने नौकरी से हटाए जाने के बाद आहत होकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। कर्मचारी ने मौत को गले लगाने से पहले वीडियो बनाकर वायरल किया जिसमें उसने ठेकेदार को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। फिलहाल किसी ने पुलिस या मेडिकल प्रशासन से कोई शिकायत नहीं की है।
गढ़ रोड स्थित सरायकाजी के रहने वाले मुकेश यादव मेडिकल में आऊटसोर्सिंग कर्मचारी थे। सोमवार रात उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के पिता रूपचंद ने बताया मंगलवार सुबह जब उन्होंने मुकेश का कमरा बंद देखा तो खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर झांका तो मुकेश का शव फांसी पर लटक रहा था।
जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार शाम परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। मुकेश की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और पत्नी पांच माह के गर्भ से है। पत्नी पूजा कुछ समय बाद दो जुड़वा बच्चों को जन्म देने वाली है। मुकेश की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा है।
मेडिकल प्रशासन ने किया इंकार
मामले को लेकर मेडिकल के मीडिया प्रभारी डा. वीडी पांड्ेय का कहना है आऊटसोर्सिंग कर्मचारियों से नौकरी के नाम पर पैसे वसूले जाते है इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। मृतक मुकेश के परिजनों ने भी कोई शिकायत उनसे नहीं की है। जिस ठेकेदार पर आरोप है वह भी कंपनी में काम नहीं करता।
डेढ़ लाख देकर पाई थी नौकरी
मुकेश ने अपना परिवार पालने के लिए आऊटसोर्सिंग ठेकेदार धर्मेन्द्र को डेढ़ लाख रूपये दिए थे। इस बात का जिक्र मुकेश ने मौत से पहले बनाए गए वीडियो में भी किया है। ठेकेदार उससे नौकरी के नाम पर और पैसे की मांग कर रहा था, जिसके बदले मुकेश ने कई बार उसे पांच-पांच हजार रूपये भी दिए। लेकिन चार माह पहले ठेकेदार ने नौकरी से निकाल दिया। इसी से आहत होकर मुकेश ने आत्मघाती कदम उठाते हुए अपनी जिवनलीला समाप्त कर ली।