- अपने बेटे की जमानत के लिए मांग रहा था 30 हजार रुपये, पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: ढिकौली गांव में बुजुर्ग की हत्या उसके बेटे ने ही थी और यह हत्या उसने तीस हजार रुपये नहीं देने पर की। वह अपने बेटे की जमानत के लिए पैसे मांग रहा था, लेकिन पिता के नहीं देने पर यह कदम उठाया गया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।
ढिकौली गांव में कुछ दिन पहले सतपाल सिंह पुत्र बिसम्बर सिंह उम्र 80 वर्ष की घर में सोते समय हत्या कर दी थी और उसके सिर व चेहरे पर चोट के निशान मिले थे। पुलिस तभी से उसकी हत्या का खुलासा करने में लगी थी। पुलिस ने मंगलवार को हत्या की घटना का खुलासा कर दिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त प्रमोद ने पूछताछ पर बताया कि उसके नाबालिग पुत्र ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पांची चौराहे के पास टयूबवेल पर ईख के खेत में मंदबुद्धि सुशील पुत्र राजेन्द्र सिंह ढिकौली की हत्या कर दी थी। पुलिस द्वारा उसके नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
अपने नाबालिग पुत्र की जमानत के लिए प्रमोद अपने पिता सतपाल से तीस हजार रुपए की मांग कर रहा था और पिता के पैसे न देने पर अभियुक्त प्रमोद उसकी ईंट से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट व चादर को बरामद कर लिया है और आरोपी को जेल भेज दिया।

