जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना के कारण छह महीनों से शादी ब्याह में बैंडबाजों और रोड लाइट पर रोक लगी हुई है। अनलॉक-5 में जब सरकार ने रियायतों की भरमार कर दी है ऐसे में बैंडबाजों को राहत न देने से मांगलिक कार्य कराने वाले निराश है। यूपी के बैंड बरात वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र धानक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अनुमति देने की मांग की है।
बताया जा रहा है मुख्यमंत्री ने इस ओर सकारात्मक संकेत दिये हैं। राज्यमंत्री व्यापार कल्याण बोर्ड उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, उत्तर प्रदेश बैंड बरात शृंगार वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र कुमार धानक, प्रदेश संयोजक सुनील जायसवाल, जिला मंत्री भाजपा गोरखपुर शंकुतला जायसवाल एवं शुभम जायसवाल ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद महेंद्र कुमार धानक ने बताया कि उन्होंने सीएम के समक्ष अपनी समस्या रखी कि विभिन्न जिलो में जिलाधिकारी शादी विवाह में बैंडबाजा और रोड लाइट की अनुमति यह कहते हुए नहीं दे रहे कि स्पष्ट गाइड लाइन नहीं है। जबकि सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा इसकी घोषणा की जा चुकी है।
सीएम को ये भी बताया कि डीएम यह कहते हैं कि यदि पुलिस कोई कार्रवाई करती है तो उनकी जिम्मेदारी नहीं होगी। उन्होंने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार संतोष कुमार गंगवार का पत्र भी सीएम को दिया।
गंगवार ने पत्र में लिखा था कि अनलॉक-5 के अंतर्गत विवाह समारोह आदि में बैंड के प्रयोग की घोषण की जा चुकी है परन्तु शासन द्वारा जारी गाइडलाइन में बैंड आदि के बारे में कोई दिशा-निर्देश नहीं है। इससे बैंड वालों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। महेंद्र कुमार धानक ने आश्वस्त किया कि सीएम ने शीघ्र ही बैंड बाजा और रोड लाइट के लिए गाइड लाइन जारी कराने का आश्वासन दिया।

