- क्राइम बांच की इंवेस्टिगेशन विंग में तैनात राधेश्याम को बनाया शहर कोतवाल
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को भाकियू कार्यकर्ताओं के काले झंडे दिखाने के मामले में कोतवाल राजेश सोलंकी को एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने लाइन हाजिर कर दिया है। क्राइम ब्रांच की इंवेस्टिगेशन विंग में तैनात राधेश्याम को शहर कोतवाल बनाया गया है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सोमवार को जनपद के दौर पर आए थे। धामपुर कार्यक्रम में भाग लेने के बाद प्रदेश अध्यक्ष का काफिला बिजनौर आ रहा था। जलालपुर छोइया गांव में भाकियू कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष को काले झंडे दिखाने के लिए खडे थे।
जिसके बाद नहटौर से उनके काफिले को फुलसंदा मार्ग होते हुए नगीना मार्ग पर मोड दिया गया। बिजनौर नगीना मार्ग पर बाईपास चौराहा भाकियू का गढ है। इसके बाबजूद प्रदेश अध्यक्ष को उस रास्ते से लाया गया। इस दौरान नगीना मार्ग बाईपास चौराहे पर प्रदेश अध्यक्ष को भाकियू के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और उनकी गाड़ी के शीशे पर भी घूंसे मारे गए।
शहर कोतवाल राजेश सोलंकी ने भाकियू कार्यकर्ता को रोकने का पूरा प्रयास किया। एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने इस मामले को लेकर कोतवाल राजेश सोलंकी को लाइन हाजिर किया तथा राधेश्याम को शहर कोतवाल बनाया गया।

