- लक्ष्य 1691 के सापेक्ष 1895 स्ट्रीट वेंडर्स को मिला ऋण
- पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि का हुआ लाइव प्रसारण
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर स्वनिधि योजना में प्रथम चरण में शामली जनपद ने लक्ष्य 1691 के सापेक्ष 1895 स्ट्रीट वेंडर्स को 10-10 हजार रुपये का ऋण प्रदान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी, लखनऊ तथा आगरा के स्ट्रीट वेंडर्स से वर्चुअल संवाद स्थापित किया। लाइव टेलीकास्ट का कलक्ट्रेट में भी प्रसारण किया गया।
सोमवार को पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि के अंतर्गत उप्र के विभिन्न जनपद जिसमें जनपद वाराणसी, लखनऊ एवं आगरा में पीएम स्वनिधि लाभार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल संवाद किया। इस कार्यक्रम का कलक्ट्रेट सभागार में लाइव प्रसारण किया गया।
उसके पश्चात 20 महिलाएं एंव पुरुष पथ विक्रेताओं को स्वीकृत प्रमाण पत्र मुख्य अतिथि विधायक तेजेंद्र निर्वाल एवं जिलाधिकारी जसजीत कौर द्वारा वितरित किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि कोविड-19 के दौरान जिस तरह स्ट्रीट वेंडर्स का कार्य प्रभावित हो गया था और जिस तरह योजना में लाभ मिला है, उसी तरह अपने आसपास के लोगों को भी बताएं तथा उनके भी आवेदन कराएं ताकि उन्हें भी योजना का लाभ मिले। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों को मिल रहा है। विधायक ने केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

इस दौरान जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में जनपद शामली को 1691 लाभार्थियों को ऋण वितरण के लक्ष्य के सापेक्ष 1895 पथ विक्रेताओं को ऋण वितरित किया जा चुका है। जनपद के समस्त पथ विक्रेताओं को पीएम स्वनिधि योजना का लाभ मिलेगा।
डीएम ने बताया कि उक्त योजना वर्ष 2022 तक संचालित है। जिलाधिकारी ने डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए लाभार्थियों को प्रेरित किया गया। योजना में लक्ष्य के सापेक्ष अधिक लाभार्थियों को ऋण वितरण करने पर परियोजना अधिकारी प्रदीप कांत एवं लीड बैंक मैनेजर शैलेश कुमार आदि को विधायक तेजेंद्र निर्वाल तथा जिलाधिकारी जसजीत कौर ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी, उप जिलाधिकारी शामली संदीप कुमार, परियोजना अधिकारी प्रदीप कांत, अग्रणी जिला प्रबंधक शैलेश कुमार, शहर मिशन प्रबंधक गिरि गोपाल दास आदि उपस्थित रहें।

