जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: व्यवसायिक शिक्षा एवं विशेष सचिव हरिकेश चौरसिया ने आईटीआई साकेत का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में खामियां भी मिली, जिसको लेकर कार्रवाई की बात कही। साथ ही विशेष सचिव ने आईटीआई कैंपस की सफाई व्यवस्था को लेकर बधाई भी दी। कहा कि छात्र-छात्राओं को शिक्षण कार्य में किसी तरह की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
छात्रों के कैंपस इंटरव्यू होने चाहिए। इसमें प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। इसमें रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। आईटीआई साकेत में प्रशिक्षण स्थल को देखा, जहां पर छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षित किया जाता है।

एक-एक बिन्दुओं को लेकर बात की तथा कहा कि जो कमियां है, उनमें सुधार होना चाहिए, अन्यथा कार्रवाई कर दी जाएगी। चेताया भी और पीठ भी थपथापाई। व्यवसायिक शिक्षा एवं विशेष सचिव हरिकेश चौरसिया का यह औचक निरीक्षण था। प्रदेश भर के आईटीआई केन्द्रों का विशेष सचिव दौरा कर यह जायजा ले रहे है कि छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण देने की गुणवत्ता कितनी बेहतर हुई हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार आवश्य है। क्योंकि तकनीकी क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं। छात्र व छात्राओं को कैंपस से ही कंपनियों के चयन प्रक्रिया कैसे होती हैं? इसके बारे में भी जानकारी की तथा बड़ी-बड़ी कंपनियों को आमंत्रित करने के लिए विशेष कैंप लगाने के लिए भी कहा गया, ताकि छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। निरीक्षण के दौरान आईटीआई साकेत के प्रधानाचार्य पीपी अत्री भी मौजूद रहे।

