- कड़ाके की ठंड के बावजूद 22वें दिन भी जारी रहा किसानों का अनिश्चितकालीन धरना
जनवाणी संवाददाता |
रोहटा: कस्बा करनावल में किसानों का चल रहा है अनिश्चितकालीन आंदोलन 22 वें भी जारी रहा। धरने के दौरान किसानों ने हुंकार भरते हुए कहा कि किसानों की नाराजगी सरकार की बदसलूकी का जवाब नहीं है। धरने में लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि मनाई गई। कस्बा करनावल के बंगले वाले मंदिर में पिछले 22 दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे क्षेत्र के किसानों का धरना 22 वें दिन भी शांतिपूर्ण चलता रहा।
कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बावजूद किसान धरना स्थल पर डटे रहे।धरने के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ हुंकार भरते हुए कहा कि सरकार को बातचीत के जरिए आगे आकर हल पहले करना चाहिए था अब इसकी समय सीमा 9 बार की वार्ता के बाद समाप्त हो चुकी है। किसानों ने कहा कि हरियाणा में किसानों पर किए गए लाठीचार्ज सरकार की दुर्दशा का परिणाम है।
जिसका किसान पुरजोर विरोध करते हैं। धरने में किसानों ने कहा कि आगामी 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड में क्षेत्र से हजारों की संख्या में किसान कूच करेंगे। जिसकी तैयारियां गांवों में रिहर्सल के तौर पर जबरदस्त तरीके से की जा रही हैं। किसानों ने कहा कि किसान तीनों कृषि कानून वापस लेने तक धरने पर डटे रहेंगे साथ ही किसानों ने दिल्ली बॉर्डर पर पिछले डेढ़ महीने से भी ज्यादा आंदोलनरत किसानों के सहयोग के लिए क्षेत्र से राशन व अन्य सामान भेजने का भी ऐलान किया।
धरने के दौरान किसानों ने शहीद हुए किसानों के आत्मा शांति के लिए 2 मिनट का मौन धारण किया,साथ ही लाठीचार्ज की निंदा भी की। धरने की अध्यक्षता मास्टर ब्रह्मानंद शर्मा व संचालन रामपाल दादाजी ने किया। मुख्य रूप से सभासद रूपेश, राहुल जडऻदिया, रविंद्र चौधरी, मास्टर सुरेंद्र सिंह, सुंदर, कृष्णपाल, डिंपल, अरुण, फोगाट, राजीव, गौरव व चौधरी डीपी गिरी आदि किसान मौजूद रहे।

