- पेदा व गोकुलपुर कासम में सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण किया
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: वर्धमान कॉलेज बिजनौर की राष्ट्रीय सेवा योजना के तृतीय एवं चतुर्थ इकाई द्वारा ग्राम पेदा एवं गोकलपुर कासम में प्रथम एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के आयोजन से पूर्व वर्धमान कॉलेज से पेदा गांव तक जन जागरूकता रैली निकाली गई। जिसमें विभिन्न नारे लगाते हुए स्वंय सेवी अपने-अपने गन्तव्य स्थल तक पहुंचे।
शिविर के दौरान तृतीय एवं चतुर्थ इकाई के स्वंय सेवकों ने दस-दस का समूह बनाकर ग्राम मुर्तजापुर बुलाकी उर्फ पेदा एवं गोकुलपुर कासम में सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण किया। जिसमें सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित परिवारों की जानकारी एकत्रित की गई।

साथ ही ग्रामीणों की अन्य समस्याओं को भी चिन्हित किया गया, ताकि भविष्य में उनका समाधान यथोचित स्तर पर किया जा सके। इस विशिष्ट सर्वेक्षण के उपरांत बौद्धिक सत्र में अतिथि वक्ता के तौर पर पधारे डा. चारुदात्त आर्य असिस्टेंट प्रोफेसर अर्थशास्त्र विभाग ने सामाजिक और आर्थिक विषमता की तमाम समस्याओं को इंगित करते हुए उनके निदान को स्वंय सेवियों को अवगत कराया।
इसी क्रम में कार्यक्रम अधिकारी डा विशाल शर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों को समझाते हुए स्वंय सेवियों को जागरूक किया तथा उनको अपने नैतिक दायित्वों की पहचान कराते हुए राष्ट्र सेवा के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। तत्पश्चात कार्यक्रम अधिकारी डा ओपी सिंह ने सामाजिक समस्याओं के निवारण के लिए शिक्षा के महव को समझाया। इस शिविर का आयोजन एनएसएस के दोनों कार्यक्रम अधिकारियों डा. विशाल शर्मा एवं डा. ओपी सिंह के दिशा निर्देशन में सम्पन्न हुआ।

