जनवाणी ब्यूरो |
शामली: बस की छत पर सवार होकर स्कूल के लिए जाना एक छात्र को उस वक्त महंगा पड़ गया, 33 हजारी बिजली लाइन की चपेट में आकर छात्र की मौत हो गई।
बुधवार को कैराना से शामली आने वाली बस की छत पर कंडेला बस स्टॉप से ग्रामीण और कुछ छात्र चढ गए। छात्र शहर के किसान इंटर कालेज में पढ़ने के लिए आ रहे थे। बस ओद्योगिक क्षेत्र में पहुंची तो ऊपर से गुजर रही 33 हजारी विद्युत लाइन चपेट में आकर कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव कंडेला निवासी 11वीं कक्षा का छात्र सत्यम और विजय गंभीर रूप से झुलस गए।

दोनों छात्रों को देखकर मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों छात्रों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकत्सकों ने गांव कंडेला निवासी छात्र सत्यम को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे छात्र विजय का उपचार शहर के एक निजी अस्पताल में जारी है। छात्र की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक छात्र के शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दे दी है।

