- होम क्वारंटीन आदेश के बाद परिवार संग वैष्णोदेवी हुआ रवाना
- सीएमओ के संज्ञान लेने के बाद किया गया मुकदमा
जनवाणी संवाददाता |
शामली: कोरोना पॉज़िटिव के बढ़ते मामलों को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। 14 साल की एक छात्रा के कोरोना पॉज़िटिव मिलने के बाद छात्रा को परिवार समेत होम क्वारंटीन किया गया था लेकिन छात्रा के माता-पिता व चाचा वैष्णो देवी रवाना हो गए। जिसके बाद सीएमओ ने संज्ञान लेते हुए छात्रा के माता-पिता व चाचा के खिलाफ आईपीसी की धारा और कोविड-19 के उल्लंघन में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शामली शहर के मोहल्ला श्रीपाल विहार निवासी 14 साल की छात्रा की कोरोना जांच की गई थी जिसमें एक मार्च को छात्रा की रिपोर्ट पॉज़िटिव पाई गई थी। जिसके बाद छात्रा को परिवार समेत 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन गया था। पूरे परिवार को होम क्वारंटीन रहते हुए कोविड-19 का सख्ती से पालन करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए गए थे।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम श्रीपाल विहार में छात्रा के परिवारीजनों की कोरोना जांच को पहुंची तो उक्त लोग गायब मिले। जानकारी करने पर पता चला कि कोरोना पॉज़िटिव छात्र के साथ उसके माता-पिता व चाचा दो मार्च को ही माता वैष्णोदेवी के दर्शन को धार्मिक यात्रा पर रवाना हो गए थे।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस मामले की जानकारी सीएमओ डा. संजय अग्रवाल को दी। जिसके बाद सीएमओ ने शामली कोतवाली को पूरे मामले के संबंध में शिकायती पत्र सौंपा। बाद में कोतवाली के उपनिरीक्षक श्रीराम सिंह ने जांच करते हुए छात्रा के माता-पिता व चाचा के खिलाफ आईपीसी समेत कोविड-19 के उल्लंघन में मुकदमा दर्ज किया है।
उधर, सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने बताया कि होम क्वारंटीन के आदेश के बाद भी परिजन पॉज़िटिव छात्रा को लेकर धार्मिक यात्रा पर निकल गए जो कोविड-19 का उल्लंघन है। पुलिस ने छात्रा के माता-पिता व चाचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही उन्हें जल्द ही वापस लौटने की चेतावनी दी गई है।
स्कूल में लिए गए कोरोना के सैंपल
स्कूल-कॉलेज खुलने के बाद कोरोना संक्रमण से बचाव को स्वास्थ्य विभाग ने शहर के स्कूल-कॉलेजों में कोरोना के सैंपल लेने शुरू कर दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को शामली शहर के कई स्कूलों में छात्र-छात्राओं शिक्षकों और संचालक मंडल के सैंपल लेकर जांच को भेजे हें।
इसके अलावा जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि गुरुवार को तीन नए कोरोना पॉज़िटिव मरीजों की सूची प्राप्त हुई है। तीनों लोग शामली शहर के निवासी हैं। उक्त तीनों को मिलाकर कोरोना पॉज़िटिव मरीजों की संख्या 12 हो जाती है।

