- भाजपाइयों ने डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पश्चिम बंगाल में आल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की नेता सुजाता मंडल खान द्वारा अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को लेकर की गई टिप्पणी से भाजपा में आक्रोश व्याप्त है। इसको लेकर भाजपा ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा है।
बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर के नेतृत्व में एक ज्ञापन एडीएम अरविंद कुमार सिंह को सौंपा गया। जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया कि पश्चिम बंगाल में आॅल इंडिया तृणमूल कांगे्रस की नेता सुजाता मंडल खान द्वारा अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को लेकर ‘भिखारी स्वभाव से होते हैं, या आभाव से, पश्चिम बंगाल में एससी स्वभाव से भिखारी है।’
पश्चिम बंगाल के अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को ’भिखारी‘ कहकर अपमानित करने वाला तृणमूल कांगे्रस की नेता का यह बयान घोर आपतिजनक है। यह निंदनीय बयान पश्चिम बंगाल के सभी अनुसूचित जाति के लोगों को इरादतन अपमानित करने वाला है। जबकि देश के संविधान में देश के नागरिकों के लिए सामाजिक एवं आर्थिक न्याय, अवसरों में समानता और व्यक्ति की गरिमा व सम्मान की रक्षा की भावना अंतर्निहित है।
संविधान के अनुच्छेद-46 के अनुसार, ’राज्य समाज के कमजोर वर्गों में शैक्षिणक और आर्थिक हितों विशेषत: अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों का विशेष ध्यान रखेगा और उन्हें सामाजिक अन्याय एवं सभी प्रकार के शोषण में संरक्षित रखेगा।‘
हमारा संविधान यह संरक्षण देता है कि किसी को अपमानित नहीं किया जा सके। तृणमूल कांगे्रस की नेता द्वारा एससी समुदाय के लोगों को ’भिखारी‘ कहा जाना, आइपीसी के कई प्रावधानों का भी उल्लंघन है। तृणमूल कांगे्रस की नेता सुजाता मंडल खान द्वारा दिया ऐसा आपतिजनक तथा अपमानित करने वाला बयान बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा रखे गए लोकतंत्र व गणराज्य की परिकल्पना के खिलाफ है।
ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र तोमर, राजेंद्र मादलपुर, विवेक प्रेमी, अनुज राणा, दिवाकर कश्यप, भूपेंद्र शर्मा, राजपाल सिंह आदि शामिल रहे।

