Saturday, February 21, 2026
- Advertisement -

इक्कीसवीं सदी में अंधविश्वास

Samvad

01 4एक नौ साल का बच्चा अपने स्कूल के हॉस्टल में सोया हुआ था। तभी एक शिक्षक ने उसे गोद में उठाने की कोशिश की। इससे बच्चे की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया। स्थिति बिगड़ती देख बच्चे का गला दबाने की कोशिश की गई। लेकिन शोर मचने की वजह से दूसरे बच्चे जाग गए और उस बच्चे की जान बच गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना छह सितंबर की रात को हाथरस के डीएल पब्लिक स्कूल में हुई। कुछ दिन बाद इसी स्कूल के एक दूसरे छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उस 11 साल के बच्चे का शव स्कूल प्रबंधक की गाड़ी में मिला। हाथरस पुलिस ने बच्चे की हत्या के आरोप में स्कूल प्रबंधक दिनेश बघेल, उसके पिता यशोदन समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया। कई मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से बताया गया कि आरोपी यशोदन तांत्रिक क्रिया करता था। उसने स्कूल की तरक्की और कर्ज से उबरने के लिए बच्चे की बलि देने का फैसला लिया था। एक बच्चा तो उनके चंगुल से बच गया लेकिन कुछ दिन बाद एक दूसरे बच्चे की कथित तौर पर बलि दे दी गई। उसे गला दबाकर मार डाला गया।

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में हुआ यह अपराध मानव बलि का पहला या इकलौता मामला नहीं है। देश के अलग-अलग हिस्सों से इस तरह के मामले सामने आते रहते हैं। एनसीआरबी के डेटा के मुताबिक, भारत में 2022 में मानव बलि के आठ मामले सामने आए थे। साल 2014 से 2022 तक नौ सालों में मानव बलि के कारण 111 लोगों की जान चली गई। इनमें बच्चे और बड़े दोनों शामिल थे। मानव बलि अंधविश्वास के चरम पर पहुंचने का उदाहरण है। मानव बलि देने वाले लोग बहुत अंधविश्वासी होते हैं। वे उस बारे में तर्क के साथ नहीं सोचते हैं। उन्हें बस लगता है कि नरबलि देने से उनकी इच्छा पूरी हो जाएगी, जबकि असल में ऐसा कुछ नहीं होता है। पहले ऐसी कहानियां ज्यादा सुनने को मिलती थीं। अंग्रेजों के जमाने में भारतीय ठेकेदार रेलवे लाइन या पुल बनाने से पहले नरबलि दिया करते थे। इसकी कई रिपोर्ट्स गजट में भी मिलती हैं। लेकिन अब ऐसे मामलों की संख्या काफी कम हो चुकी है।

अवैज्ञानिक सोच का एक और उदाहरण है जादू टोना। अगर एक साल में नरबलि के 10 मामले सामने आते हैं तो जादू-टोने की वजह से लोगों को मार देने के मामले इसके 10 गुना ज्यादा होते हैं। एनसीआरबी के आंकड़े इस बात को सही साबित करते हैं। 2022 में जादू-टोने के चलते 85 लोगों की मौत हुई थी। 2021 में यह संख्या 68 थी। साल 2013 से 2022 तक दस सालों में जादू-टोने की वजह से 1,064 लोगों ने अपनी जान गंवाई। इसमें बड़ी संख्या उन महिलाओं की थी, जिन्हें डायन बताकर और जादू-टोना करने का आरोप लगाकर मार डाला गया। डायन प्रथा के चलते सबसे ज्यादा हत्याएं छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश और झारखंड में होती हैं।

अंधविश्वासों का सर्वसम्मत वर्गीकरण संभव नहीं है। इनका नामकरण भी कठिन है। पृथ्वी शेषनाग पर स्थित है, वर्षा, गर्जन और बिजली इंद्र की क्रियाएं हैं, भूकंप की अधिष्ठात्री एक देवी है, रोगों के कारण प्रेत और पिशाच हैं, इस प्रकार के अंधविश्वासों को प्राग्वैज्ञानिक या धार्मिक अंधविश्वास कहा जा सकता है। अंधविश्वासों का दूसरा बड़ा वर्ग है मंत्र-तंत्र। इस वर्ग के भी अनेक उपभेद हैं। मुख्य भेद हैं रोग निवारण, वशीकरण, उच्चाटन, मारण आदि। विविध उद्देश्यों के पूर्त्यर्थ मंत्र प्रयोग प्राचीन तथा मध्य काल में सर्वत्र प्रचलित था। मंत्र द्वारा रोग निवारण अनेक लोगों का व्यवसाय था। विरोधी और उदासीन व्यक्ति को अपने वश में करना या दूसरों के वश में करवाना मंत्र द्वारा संभव माना जाता था। उच्चाटन और मारण भी मंत्र के विषय थे। मंत्र का व्यवसाय करने वाले दो प्रकार के होते थे-मंत्र में विश्वास करने वाले, और दूसरों को ठगने के लिए मंत्र प्रयोग करने वाले।

असल में भारत में केंद्रीय स्तर पर अंधविश्वास के खिलाफ कोई कानून मौजूद नहीं है। लेकिन कई राज्यों ने अपने स्तर पर इसके खिलाफ कानून बनाए हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक और गुजरात में मानव बलि, काला जादू और अमानवीय दुष्ट प्रथाओं को खत्म करने के लिए कानून बनाए गए हैं। वहीं बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान और असम में डायन प्रथा को रोकने के लिए कानून मौजूद हैं। हालांकि, यह सवाल जरूर उठता है कि ये कानून जमीनी स्तर पर किस हद तक लागू हुए हैं और कितने कारगर हैं।महाराष्ट्र में 2013 में जादू-टोना विरोधी कानून बना। उस समय राज्य में कांग्रेस और एनसीपी की सरकार थी। तब इस कानून को लागू करने और इसके प्रचार-प्रसार के लिए एक समिति गठित की गई थी। लेकिन राज्य में भाजपा सरकार आने पर इसका काम रोक दिया गया। 2019 में सरकार बदली तो काम शुरू होते-होते कोविड आ गया। फिर 2022 में दोबारा से सत्ता परिवर्तन हो गया। तब से उस समिति का काम पूरी तरह से बंद हैं।

भारत के कई प्रमुख टीवी चैनल और समाचार चैनलों पर दरबार लगा है। बड़ी संख्या में भक्तों के बीच चमत्कारी शक्तियों का दावा करने वाले शख्स सिंहासन पर विराजमान हैं। लोग प्रश्न पूछते हैं और बाबा जवाब देते हैं। सामान्य परेशानी वाले सवालों के असामान्य जवाब। एक छात्रा पूछती है, बाबा मैं आर्ट्स लूं, कॉमर्स लूं या फिर साइंस। बाबा कहते हैं- पहले ये बताओ आखिरी बार रोटी कब बनाई है, रोज एक रोटी बनाना शुरू कर दो। एक और हताश और परेशान व्यक्ति पूछता है, बाबा नौकरी कब मिलेगी। बाबा कहते हैं क्या कभी सांप मारा है या मारते हुए देखा है। ये है निर्मल बाबा का दरबार। जनता मस्त है और बाबा भी। बाबा की झोली लगातार भर रही है। बाबाओं को लेकर भारतीय जनता का प्रेम नया नहीं है। कभी किसी बाबा की धूम रहती है तो कभी किसी बाबा की। कभी

ये बाबा भी बड़ी सोच-समझकर ऐसे लोगों को अपना लक्ष्य बनाते हैं, जो असुरक्षित हैं। आस्था और अंधविश्वास के बीच बहुत छोटी लकीर होती है, जिसे मिटाकर ऐसे बाबा अपना काम निकालते हैं। लेकिन नौकरी के लिए तरसता व्यक्ति या फिर बेटी की शादी न कर पाने में असमर्थ कोई गरीब इन बाबाओं का टारगेट नहीं। इनका टारगेट हैं मध्यमवर्ग, जो बड़े-बड़े स्टार्स और व्यापारिक घराने के लोगों की ऐसी श्रद्धा देखकर इन बाबाओं की शरण में आ जाता है। बच्चन हों या अंबानी, राजनेता हों या नौकरशाह-इन बड़े लोगों ने जाने-अनजाने में इस अंधविश्वास को बल दिया है। ऐश्वर्या राय की शादी के समय अमिताभ बच्चन का ग्रह-नक्षत्रों को खुश करने के लिए मंदिरों का दौरा, अंबानी बंधुओं में दरार पाटने के लिए मोरारी बापू को मिली अहमियत। चुनाव जीतने के लिए बाबाओं के चक्कर लगाते नेता।

दरअसल समृद्धि अंधविश्वास भी लेकर आती है। वजह अपना रुतबा, अपनी दौलत कायम रखने का लालच। जो जितना समृद्ध, वो उतना ही अंधविश्वासी। और फिर समृद्धि के पीछे भागता मध्यमवर्ग, इस मामले में क्यों पीछे रहेगा। इसलिए इन बाबाओं की पौ-बारह हैं। फिर क्यों न ये बाबा डायबिटीज से पीड़ित व्यक्ति को खीर खाने की सलाह देंगे। आखिर हमारी मानसिकता ही तो ऐसे तथाकथित चमत्कारियों को मनुष्येतर और संपन्न बना रही है।

janwani address 7

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

spot_imgspot_img