- सेंसेक्स के इतिहास में 41 हजार की उछाल
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना के कारण शेयरधारकों की उड़ी नींद को नये साल की शुरुआत ने खुशियों से भर दिया है। जिस तरह से पहली बार संवेदी सूचकांक 41 हजार पार हुआ है उसे शेयरधारकों को नये साल का बेहतरीन तोहफा माना जा रहा है। पिछले कारोबारी दिन वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख से सेसेंक्स 724 अंक की छलांग के साथ 41,000 अंक के स्तर को पार कर गया था।
यह लगातार चौथा कारोबारी सत्र था जब बाजार लाभ के साथ बंद हुए। इसी तरह निफ्टी 211.80 अंक या 1.78 फीसदी के लाभ के साथ 12,120.30 अंक पर बंद हुआ था। दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज इंडसइंड बैंक, टाइटन, बजाज आॅटो, कोल इंडिया और इचर मोटर्स की शुरूआत तेजी पर हुई। वहीं बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील और पावर ग्रिड के शेयर लाल निशान पर खुले।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज बैंक, फाइनेंस सर्विसेज, प्राइवेट बैंक और मेटल लाल निशान पर खुले। वहीं रियल्टी, पीएसयू बैंक, मीडिया, एफएमसीजी, फार्मा, आईटी और आॅटो हरे निशान पर खुले।
मेरठ में करीब 75000 डीमैट खाता धारक हैं। जिसमें 50,000 के करीब निवेशक सीधे तौर पर शेयर बाजार में कारोबार करते हैं। जबकि मेरठ में म्यूच्यूअल फंड इंडस्ट्री करीब 32 सौ करोड़ रुपये की है।
मार्च अप्रैल 2020 में कोविड की वजह से सेंसेक्स अपने निचले पायदान पर पहुंच गया था। निफ़्टी मार्च में 7500 अंक तक लुढ़क गई थी। जबकि सेंसेक्स 28000 पर पहुंचा हुआ था। नौ महीने में ही सेंसेक्स करीब 20000 अंक के उछाल पर है। शेयर बाजार के जानकार आयुष जैन ने बताया कि जिस तरह से सेंसेक्स बढ़ रहा है वो शेयरधारकों को लाभ तो दे सकता है, लेकिन शेयर लेने की योजना बनाने वालों को अभी इंतजार करना होगा। इसमें वो लोग घाटा उठा सकते हैं जो कम समय में लाभ कमाने की सोच रहे हैं।
जानकारों की माने तो देश में कोविड के वैक्सीन आने की सूचना ने शेयर बाजार को पूरी तरह से आशान्वित कर दिया है। जिसकी वजह से बाजार में तेजी दिख रही है। कुछ विशेषज्ञों का अनुमान है कि सेंसेक्स 50000 के पार भी पहुंच सकता है।
कोरोना काल में शेयर बाजार के नीचे रहने के कारण शेयरधारकों की नींद उड़ी हुई थी और रोज शेयर मार्केट की खबरों से जूझते रहते थे, जिस तरह से कोविड की वैक्सीन आई है। उससे लोगों को उम्मीद बढ़ी है कि आने वाला वक्त खुशियों भरा साबित होगा। शेयर का कारोबार करने वाले आशीष मित्तल ने बताया कि अभी एक सप्ताह तक इंतजार करना होगा कि बाजार का रुख किस तरह करवट बदलता है।

