जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी20 विश्वकप 2026 में ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाली भारतीय टीम के लिए बड़ा नकद पुरस्कार घोषित किया है। बोर्ड ने मंगलवार को बताया कि पूरे दल को कुल 131 करोड़ रुपये मिलेंगे, जिसमें खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचिंग स्टाफ और अन्य सपोर्ट स्टाफ भी शामिल हैं।
खिलाड़ियों और स्टाफ को मिलेगा हिस्सा
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह राशि 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ के बीच वितरित की जाएगी। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा खिलाड़ियों को मिलेगा, जबकि सपोर्ट स्टाफ की राशि उनकी जिम्मेदारी और पद के अनुसार तय की जाएगी।
2024 की तुलना में इनाम में बढ़ोतरी
इस बार घोषित 131 करोड़ रुपये का इनाम 2024 टी20 विश्वकप के बाद दिए गए 125 करोड़ रुपये से अधिक है। यानी पिछले मुकाबले की तुलना में बोर्ड ने 6 करोड़ रुपये ज्यादा पुरस्कार देने का निर्णय लिया है।
BCCI सचिव ने दी बधाई
BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने टीम को बधाई देते हुए कहा, “बोर्ड खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देता है और भविष्य में उन्हें लगातार सफलता की शुभकामनाएं देता है।”
न्यूजीलैंड को हराकर खिताब पर कब्जा
भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 विश्वकप का खिताब जीता। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने लगातार दो बार टी20 विश्वकप जीतने वाली पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया।
भारत ने रचा नया इतिहास
इस जीत के साथ भारत पुरुष टी20 विश्वकप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया। इसके अलावा, भारत ने लगातार तीन ICC ट्रॉफीज (2024 टी20 विश्वकप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 विश्वकप) जीतकर टी20 क्रिकेट में अपनी श्रेष्ठता को और मजबूत किया और दुनिया में अपना दबदबा कायम रखा।

