श्रीराम मंदिर का शिलान्यास संपूर्ण विश्व हेतु नए युग का सूत्रपात
जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: आज मेरठ से दिल्ली जाते समय पंचदशना जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर जीवनदीप पीठाधीश्वर स्वामी यतींद्रनंद गिरि जी महाराज ने गॉडविन कॉलोनी में प्रधान संजय राणा के आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 500 वर्ष के संघर्ष के बाद श्रीराम मंदिर का ऐतिहासिक शिलान्यास संपूर्ण विश्व हेतु नए युग का सूत्रपात है। यह केवल मंदिर की लड़ाई नहीं थी बल्कि विचारों की लड़ाई रही। श्रीराम आदर्श एवं मर्यादा के प्रतीक हैं।
कोरोना महामारी को देखते हुए इस समय कम से कम 15 दिन का लॉकडाउन होना पूरे देश में जरूरी है। आर्थिक जगत में लोगों के कारोबार डूब रहे हैं और शेयर मार्केट बढ़ रहा है जो कि चिंताजनक एवं आश्चर्यजनक है। सरकार को चाहिए कि बैंक के कर्जदारों का कम से कम 5 माह का ब्याज माफ करे।
प्राइवेट स्कूल और कॉलेजों तथा इनके शिक्षकों को सरकार के आर्थिक मदद की जरूरत है। मंदिर, आश्रम, तीर्थों और धर्मशालाओं को आर्थिक पैकेज उपलब्ध कराना चाहिए।
उत्तर प्रदेश में परशुराम के नाम पर राजनीतिक दल राजनीति कर रहे हैं। पिछली अनेक सरकारों ने ब्राह्मणों का सम्मान और सुरक्षा को खतरे में डाला है। ब्राह्मण समाज सदैव राष्ट्रवादी रहा है वह किसी राजनीतिक दल नहीं राष्ट्र के साथ खड़ा है। काशी विश्वनाथ मंदिर में नंदी जी आज भी प्रतीक्षारत है। बाबा विश्वनाथ मंदिर का नंबर कब आएगा हिंदी की की प्रतीक्षा भी शीघ्र ही समाप्त होगी।
इस दौरान प्रधान संजय राणा के आवास पर प्रोफेसर डॉक्टर हरेंद्र सिंह, मनोज शर्मा, रविंद्र चौधरी, प्रताप मुखिया, एडवोकेट प्रवीण कुमार, रविंद्र राणा आदि लोग मौजूद रहे।

