- पीड़ित महिला ने थाने में दी अज्ञात के खिलाफ तहरीर
जनवाणी संवाददाता।
शामली: हादसे में पति के घायल होने और अस्पताल में भर्ती होने की झूठी सूचना देकर साइबर ठग ने एक महिला से 55 हजार रुपये की ठगी कर ली है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के मोहल्ला शेखजाजदगान निवासी महिला सविता पत्नी प्रमोद ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार की देर शाम उसके पास एक अंजान नंबर से फोन कॉल आई।
फोन करने वाले ने बताया कि उसके पति का एक्सीडेंट हो गया है तथा उसकी हालत बहुत गंभीर है। पति के एक्सीडेंट होने की सूचना पर उसके होश उड़ गए। इस दौरान फोन करने वाले युवक ने इलाज के लिए पैसों की मांग करते हुए उनके नंबर पर आए ओटीपी की मांग की।
महिला के ओटीपी बताने के बाद फोन कॉल करने वाले युवक ने उसके खाते से 55 हजार रुपये की नगदी साफ कर दी। फोन कॉल कट जाने के बाद जब उन्होंने अपने पति के नंबर पर फोन कॉल की तो उसने अपने आपको सही बताया। जिसके बाद महिला को अपने साथ ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने महिला को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

