- भीषण गर्मी से शहरवासियों का हाल-बेहाल
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: सितंबर माह में पड़ रही गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। बढ़ती गर्मी के साथ तापमान कम नहीं हो रहा। गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी मौसम ऐसे ही बना रहेगा। लगातार मौसम के बदलाव के चलते सितंबर माह की शुरुआत में भीषण गर्मी के साथ हुई। इन दिनों में तापमान 30 डिग्री के पास होना चाहिए था, लेकिन सामान्य से 6 से 7 डिग्री तापमान ऊपर चलने के कारण गर्मी का असर कम नहीं हो रहा है।
अगर बारिश नहीं होती है तो आने वाले दिनों में भी मौसम ऐसे ही गर्म बना रहेगा। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 72 एवं न्यूनतम आर्द्रता 51 दर्ज हुई।

मौसम वैज्ञानिक डा. यूपी शाही का कहना है कि बढ़ता तापमान मौसम के लिए अनुकूल नहीं है। आने वाले दिनों में भी बढ़ते हुए तापमान का असर दिखाई देगा। इस समय तापमान में गिरावट होनी चाहिए थी, लेकिन लगातार बढ़ता तापमान गर्मी में शहरवासियों को हलकान कर रहा है। फिलहाल अभी राहत नहीं मिल रही है।

