- पूरा सामान बरामद, आरोपी ने तीन लाख में बेच दिया 25 लाख का माल
- खरीदारों ने किए 1.20 लाख चुकता शेष उधार जांच जारी कई लोगों की फंसेगी गर्दन
जनवाणी संवाददाता |
किठौर: शाहजहांपुर के टेंट व्यापारी समर के लापता होने के साथ लूट की अफवाह का पुलिस ने राजफाश कर दिया। पुलिस के मुताबिक समर ने कर्ज उतारने के लिए लूट का प्रपंच रचा था। जबकि किराए पर ले जाए गए सामान को उसने अपने साले की मदद से तीन लाख रुपये में गाजियाबाद के कैला भट्टा निवासी कबाड़ी को बेच दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पूरा सामान और एक लाख नकदी बरामद करते हुए समर के साले और खरीदार कबाड़ियों समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार को थाना प्रांगण में हुई प्रेसवार्ता में सीओ संजीव दीक्षित ने बताया कि गत रविवार को हसनपुर स्थित कंसल टेंट हाउस के स्वामी अमित कंसल ने किठौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शुक्रवार को शाहजहांपुर के भारत टेंट हाउस का मालिक समर पुत्र फजले इलाही उससे किराए पर टेंट का सामान ले गया था, लेकिन तभी से उसका मोबाइल बंद आ रहा है। अमित ने अंदेशा जताया कि समर उसके सामान को बेच सकता है।

इस पर हरकत में आई पुलिस ने समर की तलाश शुरू की और रविवार को आरके रिसोर्ट शाहजहांपुर से दबोच लिया। बकौल सीओ प्रारंभिक पूछताछ में समर ने पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती पर वह टूट गया और बताया कि गत रमजान में उस पर काफी कर्ज हो गया था। तकाजों से परेशान होकर उसने रमजान में ही टेंट व्यापारियों से सामान लेकर दूर बेचने की योजना बनाई थी।
इसके लिए समर ने शाहजहांपुर के शुऐब, शहजाद, मनोज और अमित समेत पांच टेंट कारोबारियों को टारगेट कर उनसे किराए पर सामान ले जाना तय किया और निर्धारित तिथि पर पांचों कारोबारियों का सामान कैंटर में भरकर रवाना हो गया। पुलिस ने समर के हवाले से बताया कि करीब 25 लाख का यह सामान उसने अपने साले चांद उर्फ रिहान की मदद से गाजियाबाद के कैला भट्टा स्थित अलाउद्दीन उर्फ तबला पुत्र इमामुद्दीन और नस्सर पुत्र कदीर को तीन लाख रुपये में बेच दिया।
कबाड़ियों ने एक लाख 20 हजार रुपये समर को नकद देकर शेष उधार कर लिए। सीओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पूरा सामान उपरोक्त कबाड़ियों के यहां से बरामद कर लिया। समर से एक लाख रुपये नकद भी बरामद हुए जबकि 20 हजार रुपये समर द्वारा खर्च होना बताए गए। सीओ का कहना है कि जांच जारी है। प्रकाश में आने पर अन्य नाम भी शामिल किए जाएंगे।

