- यूनिवर्सिटी रोड पर एलआईसी के पास की है घटना
- पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गंगास्नान के लिये शहर में भैंसा बुग्गियों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को यूनिवर्सिटी रोड पर एलआईसी के पास एक भैंसा बुग्गी कार से टकरा गई। कार चालक ने जब नीचे उतर कर विरोध किया तो बुग्गी सवार युवकों ने चालक को बुरी तरह से पीट दिया। पुलिस ने मौके से दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।
इस पर बुग्गी चालकों ने जाम लगाकर हंगामा कर दिया। सरूरपुर से बुग्गी लेकर चिंटू और मोनू गंगा स्नान के लिये जा रहे थे तभी एलआईसी के पास उनकी बुग्गी कार से टकरा गई। कार सवार विनीत सूरी पुत्र गोपाल सूरी निवासी सुपरटेक दिल्ली रोड ने नीचे उतरकर विरोध जताया तो दोनों युवकों ने विनीत और उसके ड्राइवर तेजवीर की डंडों से पिटाई कर दी। मारपीट होते देख काफी लोग एकत्र हो गए और बुग्गी सवार युवकों को घेर लिया।
तभी साकेत चौकी से पुलिस आ गई और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। विनीत सूरी ने सिविल लाइन थाने में तहरीर दी है। वहीं जब दोनों युवकों की गिरफ्तारी की खबर लगते ही काफी संख्या में बुग्गी चालकों ने हंगामा कर दिया और सड़क जाम कर दी। काफी देर तक अराजकता की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने गंगा स्नान जा रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी समझ में नहीं आ रहा था। काफी मशक्कत के बाद जाम खोल दिया गया।
सीएनजी आटो में लगी आग, चालक फरार
किठौर: कस्बे में मेरठ-गढ़ मार्ग पर मुख्य बाजार से चंद कदम दूर सीएनजी संचालित आटो अचानक आग का गोला बन गया। गनीमत रही कि हादसे के दौरान आटो में सिर्फ चालक सवार था जो कूदकर भाग गया। लोगों ने मशक्कत से आग बुझाई। सोमवार को किठौर में एक चालक सीएनजी संचालित आटो लेकर जा रहा था।
मेरठ-गढ़ मार्ग पर मुख्य बाजार से चंद कदम दूर अहलावत बीज भंडार के पास पहुंचते ही वायरिंग से निकली चिंगारी से उसमें आग लग गई और आटो आग का गोला बन धू-धूकर जल उठा। गनीमत रही कि हादसे के दौरान आटो मेन सिर्फ चालक था जो कूदकर फरार हो गया। कुछ देर के लिए दोनों और का यातायात थम गया। लोगों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आटो को रोड से हटाकर मार्ग चालू कराया।

इंस्पेक्टर अरविंद मोहन शर्मा का कहना है कि चालक का पता नही चल पाया है तलाश कराई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि आटो में यात्री होते या बाजार के पास आग लग जाती तो बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। क्योंकि किठौर के मुख्य बाजार स्थित फव्वारा चौक के इर्दगिर्द काफी दुकानें हैं। ठेले रेहड़ी के साथ काफी भीड़भाड़ रहती है।

