- मौके से स्विफ्ट कार बरामद, दो बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: देश की राजधानी दिल्ली में चालक की हत्या कर कार लूट की घटना में लिसाड़ी गेट पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से पुलिस ने दिल्ली से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार को बरामद किया है। पुलिस की गिरफ्त में आये बदमाशों पर दिल्ली गाजियाबाद में दर्जनों अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों बदमाशों से पूछताछ में जुटी है।
लिसाड़ी गेट पुलिस को बुधवार रात एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई। लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एमटी पब्लिक स्कूल पुदीना के खेत के पास से टूर ट्रेवल्स की एक स्विफ्ट मारुति कार एचआर-38एई-307 को बरामद किया है। पुलिस ने लूटी गई कार को बरामद करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्त में आये बदमाशों के नाम मेहराज सलमानी पुत्र महबूब निवासी माता वाली गली फतेहल्लापुर थाना लोहिया नगर, हाल पता ऊंचा कुंआ बाबू मुनकाद की कोठी के पास किठौर, आसिफ पुत्र अनवर निवासी शाहजहांपुर शक्को वाला मोहल्ला रंगरेजो वाली मस्जिद, किठौर हाल पता डी 49 चौकी भंगेल सैक्टर 49 नोएडा हैं। मेहराज सलमानी पर गाजियाबाद, दिल्ली में 7 अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आसिफ पर साहिबाबाद दिल्ली के 10 अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
दिल्ली धौला कुआं के पास चालक की हत्या कर लूटी थी कार
लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों बदमाशों ने दिल्ली से टैक्सी बुक कर दस अक्टूबर की रात को साउथ वेस्ट बसंत कुंज थाना क्षेत्र में धौला कुंआ के पास टूर ट्रेवल्स की स्विफ्ट डिजायर मारुति कार चालक बिजेन्द्र सिंह सहित को मारपीट कर अगवा कर लिया था। मेहराज सलमानी और आसिफ ने कार चालक बिजेन्द्र पुत्र लक्ष्मी चंद निवासी सेहतपुर सूर्या कालोनी सैक्टर 91 फरीदाबाद हरियाणा की बेल्ट से गला घोंट हत्या कर दी थी। दोनों ने बिजेन्द्र की हत्या कर शव को धौला कुंआ से सौ मीटर आगे की ओर डालकर कार लूटकर फरार हो गए थे। थाना पुलिस ने लूट हत्या में मुकदमा दर्ज किया था।
दिल्ली पुलिस कार में लगे जीपीआरएस से पहुंची लिसाड़ी गेट तक
थाना प्रभारी लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर जितेन्द्र ने बताया कि कार में जेपीआरएस सिस्टम लगा था। जिसकी लोकेशन पर दिल्ली पुलिस लिसाड़ी गेट तक पहुंची। दिल्ली डीसीपी मनोज सिंह ने लिसाड़ी गेट पुलिस के साथ ज्वाइंट आपरेशन चला दोनों बदमाशों को कार सहित समर गार्डन से दबोच लिया।

