- एसपी ट्रैफिक ने कहा, दूर होगी ट्रांसपोर्टरों की समस्या
- कहा, खोला जाएगा दिल्ली रोड वाला कट
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिल्ली रोड पर टीपीनगर के सामने बंद किए गए कट को दो दिन के अंदर खोल दिया जाएगा। ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं को लेकर एसपी ट्रैफिक मंगलवार को टीपीनगर पहुंचे और ट्रांसपोर्टरों से बातचीत कर कट खोलने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि बागपत रोड पर ट्रकों के आवागमन की योजना बनाई जाएगी। यहां जाम लगने को लेकर ट्रकों का संचालन बंद किया गया था अब जल्द ही ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
बता दें कि दिल्ली रोड पर रैपिड रेल का कार्य चल रहा है। जिसके चलते दिल्ली रोड पर एक ओर का मार्ग दिल्ली से मेरठ की ओर जाते हुए टीपनगर चौराहे से लेकर फुटबॉल चौराहे तक बंद किया गया है। यहां एक ओर से वाहनों का संचालन नहीं होता।
अगर किसी को अंदर शहर में जाना है तो उन्हें टीपीनगर होते हुए बागपत रोड होकर जाना पड़ता है। इसका सबसे अधिक प्रभाव ट्रांसपोर्टरों पर पड़ा है। मेरठ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि मार्ग और टीपीनगर चौराहे के सामने कट बंद होने के कारण ट्रकों को बाइपास से होकर परतापुर, उद्योगपुर की ओर जाना पड़ता है।
उन्हें कई किमी अतिरिक्त का सफर तय करना पड़ता है जिससे ट्रांसपोर्टरों का अतिरिक्त डीजल खर्च हो रहा है। ट्रांसपोर्टरों की इस समस्या को लेकर पिछले दो दिनों से ट्रांसपोर्टर प्रदर्शन करते आ रहे थे। इसे लेकर एसपी ट्रैफिक जितेन्द्र श्रीवास्तव ने मंगलवार को ट्रांसपोर्टरों से बातचीत की और दो दिन में टीपीनगर के सामने का कट खोले जाने का आश्वासन दिया है।
इस मौके पर संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता, मंत्री राकेश लोहिया, अमित बंसल, तरुण गोयल, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गौरव शर्मा, दीपक गांधी, दीपक रल्हन, खेता सिंह, मंगल राठी, पंकज अनेजा, सरदार खेता सिंह, अंकुर, देवी चरण सेन, अनीश चौधरी, अतुल शर्मा, सुभाष शर्मा, पिंकू सुधीर आदि मौजूद रहे।

