- जलालाबाद में दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर हुआ हादसा
जनवाणी संवाददाता |
जलालाबाद: जलालाबाद के मोहल्ला मोहम्मदीगंज सेलर कालोनी निवासी आरिफ (23) पुत्र इस्लाम बुधवार की सुबह दिल्ली- सहारनपुर हाईवे पर पैदल ही दुकान पर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब वह हाइवे किनारे पीठ के सामने पहुंचा तो तेजगति से पीछे से आयी एक कार ने ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करते हुए आरिफ को टक्कर मार दी। कार की टक्कर लगने से आरिफ काफी दूर जाकर गिरा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी बीच चालक कार लेकर फरार हो गया। दुकानदारों ने सूचना जलालाबाद पुलिस चौकी को दी।
उधर, जलालाबाद के पूर्व चेयरमैन जहीर मलिक व सभासद इस्तखार चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे। एम्बुलेंस से गंभीर रूप से घायल आरिफ को तुरन्त ही थानाभवन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने आरिफ को मृत घोषित कर दिया। हादसे में आरिफ की मौत की से परिजनों मे कोहराम मच गया। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जलालाबाद पुलिस चौकी प्रभारी विजय त्यागी ने बताया की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

