- सोशल मीडिया पर भी नागरिक कर रहे तरह तरह के कमेंट
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: थाना क्षेत्र की फाजलपुर के सूर्य कालोनी पुलिस चौकी की बैरक में सिपाहियों में हुई चाकूबाजी के मामले में पुलिस की साख गिरी हैं। इस मामले में विभागीय द्वारा मारपीट के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद सिपाहियों पर लोगों ने भी सोशल मीडिया के जरिए निशाना साधना शुरू कर दिया है।
शनिवार देर रात सूर्य कालोनी पुलिस चौकी पर तैनात ओजस्वी मलिक व दीपक मलिक में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई थी। जिसके बाद आरोप लगाया गया कि ओजस्वी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दीपक के साथ जमकर मारपीट की और चाकू से हमला कर घायल कर दिया था। इस मामले को कंकरखेड़ा पुलिस रविवार दोपहर तक दबाती रही। परंतु, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेते हुए दोनों सिपाहियों पर विभागीय जांच बैठाते हुए निलंबित कर दिया।
साथ ही थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना को साइबर सेल पर तैनात कर दिया गया। मारपीट क्यों हुई इसको लेकर विभागीय जांच चल रही है। अधिकारी मारपीट का कारण की जांच कर रहे है। इसी क्षेत्र के अंतर्गत जवाहर नगर कॉलानी पड़ती है। चर्चा यह है कि जवाहर नगर कॉलोनी के एक हिस्से में मद्रासी कॉलोनी भी है। जिले में गांजा तस्करी के मामले में यह कॉलोनी सबसे अधिक बदनाम है।
लोगों में इस बात को लेकर भी चर्चा है कि कहीं दोनों सिपाहियों में कॉलोनी से मिलने वाले रुपयों के बंटवारे को लेकर तो विवाद नहीं हुआ वजह जो भी हो, लेकिन अब सिपाही कंकरखेड़ा के लोगों के निशाने पर भी आ गए है। सोशल मीडिया पर सोमवार को एक आर्मी के जवान ने लिखा है कि मारपीट करने वाले सिपाहियों में एक सिपाही ने कांवड़ यात्रा के दौरान डंडा दिखाकर उसके साथ अभद्रता की थी और साथ ही पूरी आर्मी को गाली दी थी। इस मामले में फौजी सामाजिक विकास फाउंडेशन के पदाधिकारियों में काफी रोष है। इसके अलावा लोगों ने मारपीट की वीडियो को वाट्सऐप पर शेयर करते हुए भी कंकरखेड़ा पुलिस पर तरह तरह के कमेंट किए हैं।
काशी टोल पर व्यापारी से मारपीट, चेन लूटी
परतापुर थानांतर्गत दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार को काशी टोल प्लाजा के पास व्यापारी की पिटाई कर चेन और घड़ी लूट ली गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित युवक ने तहरीर दी है। गंगानगर के जी-ब्लाक में निवासी अर्जुन चोपड़ा कंकरखेड़ा में मदर डेरी की एजेंसी चलाते हैं। सोमवार को अर्जुन अपनी कार में बहन को नोएडा के हास्टल में छोड़ने जा रहे थे।
एक्सप्रेस-वे पर काशी टोल से पहले ही उनकी कार कुछ धीमी गति में चल रही थी। इसी दौरान पीछे से आई मारुति कार चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मारुति में सवार लोगों ने व्यापारी अर्जुन चोपड़ा के साथ मारपीट कर दी। अर्जुन ने कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। उसके बाद टोल प्लाजा और पीआरवी भी पहुंच गई। इसी बीच मारुति में सवार हमलावर निकल गए।
अर्जुन चोपड़ा ने परतापुर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने टोल प्लाजा से घटना की फुटेज मांगी हैं। अर्जुन ने बताया कि हमलावर मारपीट करने के साथ उनकी चेन और घड़ी भी लूटकर ले गए। इंस्पेक्टर शैलेंद्र प्रताप का कहना है कि रोडरेज के मामले में दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। अभी तक एक पक्ष की तरफ से मामले की तहरीर मिली है। दूसरा पक्ष गाजियाबाद का रहने वाला है। वह विवाद के बाद मौके से चला गया था।

