- गॉडविन स्कूल में नए बच्चों का किया स्वागत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एक अप्रैल से सभी निजी व सरकारी विद्यालयों में नया सत्र आरंभ हो गया। इस दौरान पिछली कक्षा से प्रमोट होकर नई कक्षा में पहुंचे छात्रों के चेहरे खिले नजर आए। वहीं, दूसरे स्कूलों से नए विद्यालयों में एडमिशन लेने वाले छात्रों का स्कूल में स्वागत किया गया।
पिछले दो सत्रों से स्कूलों में शिक्षा कोरोना के कारण काफी प्रभावित रही, लेकिन अब 2022-23 का नया सत्र कोरोना से निजात के साथ शुरू हुआ जिसको लेकर बच्चों के चेहरे खिले नजर आए। रोहटा रोड स्थित गॉडविन पब्लिक स्कूल में भी नए सत्र का आगाज काफी खुशनुमा माहौल में हुआ।
यहां पर प्रमोट होकर अगली कक्षओं में पहुंचे छात्रों के चेहरे खिले नजर आए। बच्चों ने अपने सहपाठियों से मिलकर नए सत्र में अच्छी शिक्षा लेने पर उत्साह नजर आया। साथ ही नए आने वाले छात्रों का स्कूल में फूल देकर स्वागत किया गया।
सरकारी विद्यालयों में भी नए सत्र का हुआ आगाज
प्राथमिक विद्यालय छिलौरा में पहले दिन बच्चों को नए सत्र का आगाज खुशनुमा माहौल में हुआ। बच्चों ने नई कक्षा में बैठकर अपने दोस्तों के साथ खुशियां बांटी। स्कूल की प्रधान अध्यापिका हेमा वर्मा, सहायक अध्यापिका निशा व पूजा राणा ने बच्चों पर पुष्प वर्षा करके स्वागत किया।
नए सत्र के आगमन पर बच्चों को पेन, पेंसिल-रबर आदि दिए गए। पहली बार विद्यालय पहुंचे छात्रों में तीन बालिकाएं व एक बालक का नामांकन किया गया। नए छात्रों का तिलक करते हुए आरती भी उतारी गई। इस बार नया सत्र कोरोना गाइडलाइनों के बिना शुरू हुआ है, इसको लेकर सभी विद्यालयों में खुशी का माहौल नजर आया।
अब नए सत्र के शुरू होने से सभी कक्षाओं के छात्रों में आॅफलाइन शिक्षा पाने की खुशी साफ नजर आई। पिछले दो सत्रों मेंं शिक्षा के क्षेत्र को काफी नुकसान हुआ है अब नए सत्र में इसको पूरा करने की तैयारी है, इसके साथ ही शिक्षकों के सामने बच्चों को पढ़ाई में मन लगाने के लिए तैयार करने की भी चुनौती होगी।
दो साल बाद स्कूल में दिखी रौनक, खिलखिलाते दिखे छात्र
शुक्रवार को सीबीएसई और आईसीएससी स्कूलों में नया सत्र शुरु हुआ। इस दौरान सभी खुलने वाले स्कूलों में छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान दिया गया। पहले दिन बच्चों का स्वागत, शिक्षक शिक्षिकाओं के साथ मस्ती और खेलकूद की गतिविधियों को प्राथमिकता दी गई। इसके अलावा बच्चों में राइटिंग व रीडिंग स्किल को बढ़ाने के लिए सप्ताह में प्रतियोगिताओं को कराने का भी निर्णय किया गया।
वही गॉडविन स्कूल में भी पहले दिन काफी संख्या में छात्र छात्राएं पहुंचे और पहले दिन उन्होंने जमकर मस्ती की। वही और स्कूल में भी छात्रों का पहला दिन मस्ती भरा रहा। पहले दिन स्वागत और बच्चों के बीच खूब मस्ती की गई। वहीं कुछ स्कूलों में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन भी हुआ और हवन यज्ञ करते हुए नए सत्र की शुरुआत हुई।

