- अब सीसीएसयू के अटल सभागार में होगी बैठक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर घंटाघर स्थित तिलक हाल जहां नगर निगम बोर्ड और कार्यकारिणी की बैठक होती हैं। कई बार महापौर व नगरायुक्त नीतिगत फैसलों पर मंथन के लिए इसी तिलक हाल के मुख्य सभागार के बगल में बने कक्ष में बैठते हैं। तिलक हाल निगम प्रशासन के आधीन हैं। इसकी देखभाल व इसको इस्तेमाल सब कुछ नगर निगम प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में है, लेकिन लगता है कि इन दिनों तिलक निगम अफसरों की लापरवाही और अपनी किस्मत पर आंसू बहा रहा है। यही कारण है वो अब टपकना शुरू हो गया है। तिलक हॉल की छत के टपकने की खबर से नगर निगम दहशत में है।
अब निगम ने तिलक हाल से दूरी बना ली है। जबकि होना यह चाहिए था कि जो कुछ कमी है उसको दूर कराया जाता। छत की मरम्मत होती, तिलक हाल को फिर से इस लायक किया जाता कि वहां पर मीटिंग की जा सकें, लेकिन ऐसा ना कर तिलक हॉल से डरकर निगम ने उससे मुंह मोड़ लिया है। इसी के चलते अब सदन की जो बैठक तिलक हाल में होनी थी, वह भी निरस्त हो गयी। इस संबंध में मंगलवार को अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार ने सभी पार्षदों को महापौर के 13 जुलाई के एक पत्र के संदर्भ का उल्लेख करते हुए अवगत कराया है कि सदन की प्रस्तावित बैठक बजाए तिलक हॉल के अब 18 जुलाई को सीसीएसयू परिसर स्थित अटल सभागार में होगी।
डीजी ने निगम भर्ती घोटाले की जांच में बदला सीबीसीआईडी अफसर
नगर निगम के बहुचर्चित भर्ती घोटाले की जांच में शिकायत के चलते डीजी सीबीसीआईडी के पुराने जांच अधिकारी को हटाकर इस मामले की जिम्मेदारी सीबीसीआईडी के इंस्पेक्टर अखिलेश मोहन को दी है। उनसे पहले दिनेश यादव इस मामले की जांच कर रहे थे। दिनेश यादव ने ही भर्ती घोटाले में थाना सिविल लाइन में आरोपियों पर मुकदमा लिखाया था, लेकिन बाद में इस मामले के शिकायतकर्ता वीके गुप्ता ने डीजी सीबीसीआईडी के लिखे पत्र में आरोपी कर्मचारियों व होटल अलकरीम व पॉल के मालिक से मैनेज होने सरीखे आरोप लगाए थे।
वीके गुप्ता ने बताया कि उसी के चलते दिनेश यादव को हटा दिया गया। उनके स्थान पर सीबीसीआईडी इंस्पेक्टर अखिलेश मोहन मामले की आगे जांच करेंगे। मंगलवार को अखिलेश मोहन समेत सीबीसीआईडी के 15 लोगों की टीम मेरठ पहुंची। अखिलेश मोहन ने शिकायतकर्ता से भी बात की और नगर निगम भी पहुंचे। हालांकि वह आज ही वापस लौट गए बताए जाते हैं। उनके अब सोमवार को मेरठ आने की जानकारी सूत्रों ने दी है। यह भी पता चला है कि सोमवार को कुछ बड़ा हो सकता है।

