- तहसील दिवस की तर्ज पर किसानों की समस्याओं का समाधान: डीएम
- औचक निरीक्षण में लेखपाल और सचिव नहीं मिले तो होगी कार्रवाई
जनवाणी संवाददाता |
शामली: किसान दिवस में भाकियू समेत किसान संगठनों के नेताओं ने बकाया गन्ना भुगतान, बिजली समेत किसानों से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने तहसील दिवस की तर्ज पर किसानों की समस्याओ समाधान किये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने औचक निरीक्षण के दौरान लेखपाल और सचिव के नहीं मिलने पर विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। लंबे समय बाद आयोजित किसान दिवस में बड़ी संख्या में किसान संगठनों के नेता और किसान पहुंचें। इस दौरान भाकियू के जिलाध्यक्ष कपित खाटियान ने जिलाधिकारी के समक्ष बकाया गन्ना भुगतान का मुद्दा उठाते हुए 13 सितंबर को हुए समझौत के तहत किसानों का भुगतान कराए जाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि समझौते के तहत 50 करोड़ के स्थान पर 51 करोड़ का भुगतान हो चुका है। साथ ही, आगामी 30 सितंबर तक 90 करोड़ का भुगतान कराया जाएगा। खाटियान ने बिजली विभाग पर आरोप लगाए कि खादर यमुना क्षेत्र में बिजली विभाग के अधिकारी 5 हॉर्स पावर के स्थान पर लोड बढ़ाकर 7.5 या 10 हॉर्स पावर कर रहे हैं।
इसमें न तो किसान से सहमति ली जाती है, न ही पहले लोड चेक किया जाता है। इस पर जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान की सहमति और लोड चेक किये बिना अधिभार न बढ़ाया जाए। भाकियू नेता ने किसानों पर बिजली चोरी के झूठे मुकदमें दर्ज कराए जाने के भी आरोप लगाए।

