- 31 को घर-घर पधारेंगे गजानन, चारों ओर गणेश उत्सव की रहेगी धूम
- दुकानों पर बनने शुरू हुए बप्पा के पसंदीदा मोदक
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गणपति बप्पा मोरया की गूंज शहर में गूंजना शुरू हो गया है। सिद्धि विनायक, एकदंत, बप्पा, विघ्नहर्ता न जाने कितने रुपों में भक्तों पर कृपा बरसाने को गौरी पुत्र गणेश 31 अगस्त को पंडालों और लोगों के घरों में विराजेंगे। मिठाइयों की दुकानों पर भी बप्पा के सबसे प्रिय मिष्ठान मोदक भी बनने शुरू हो गए हैं, जिनकी खरीदारी भी शुरू हो गई। शहर में करीब 150 से अधिक पंडालों में 11 दिनों तक भक्तों को प्रभु दर्शन देंगे।
12वें दिन गणपति प्रतिमा का विसर्जन धूमधाम किया जाएगा। इस समय शहर में गणेश उत्सव की तैयारियां जोरों पर चल रही है। जगह-जगह गणेश प्रतिमाएं पंडालों में सजाने के लिए पंडाल लगाने की तैयारी की जा रही है। भगवान गणेश के आगमन पर सदर, शास्त्रीनगर, सर्राफा बाजार, बागपत गेट, गंगानगर, साकेत आदि स्थानों पर भव्य मंडप सजाने की तैयारी की जा रही हैं, जिनमें एकादंत की मूर्ति स्थापित की जाएगी।
थापरनगर स्थित मूर्ति विक्रेता मनोज ने बताया कि मेरठ में बनाई गई गणेश प्रतिमा की दूर-दूर तक मांग है। यह मूर्तिया दिल्ली, बरेली, मुरादाबाद आदि स्थानों तक जाती है। ज्योतिषाचार्य आलोक शर्मा का कहना है कि प्रत्येक माह के दोनों पक्षों में चतुर्थी तिथि को गणेश चतुर्थी के नाम से ही जाना जाता हैं, लेकिन भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि का अपना विशेष महत्व है।
पूजा करने मात्र से मिलेगा फल
ज्योतिषशास्त्र के अनुसार 31 अगस्त को गणेश चतुर्थी मनाई जाएगी। इसबार इस खास मौके पर रवि योग का संयोग बन रहा है। मान्यता है कि इस योग में गणेश चतुर्थी का अधिक महत्व रहता है। इस दौरान पूजा अर्चना करने से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है।

