नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर सामने आया था, जिसे देखकर दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। अब फिल्म से जुड़ी एक और बड़ी अपडेट सामने आई है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म के ट्रेलर को मंजूरी दे दी है।
रणवीर की फिल्म ‘धुरंधर’ के ट्रेलर को मिली मंजूरी
रणवीर सिंह स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर’ का ट्रेलर अब रिलीज के बेहद करीब है। बीते शुक्रवार, 22 अगस्त को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म के ट्रेलर को U/A रेटिंग के साथ मंजूरी दे दी है। सीबीएफसी की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, ट्रेलर की लंबाई 2 मिनट 42 सेकंड है। हालांकि, अभी तक फिल्म के निर्माताओं ने ट्रेलर की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
एक हाई-ऑक्टेन स्पाई थ्रिलर फिल्म है ‘धुरंधर’
रणवीर सिंह के जन्मदिन के अवसर पर 6 जुलाई को ‘धुरंधर’ का फर्स्ट लुक रिलीज हुआ था, जिसे टीजर भी कहा गया था। इस टीजर में रणवीर सिंह दमदार अंदाज में दिखे थे। इसके अलावा आर माधवन और अक्षय खन्ना के लुक ने भी सभी को हैरान किया था। फिल्म के टीजर में जबरदस्त खून खराबा देखने को मिला था। ‘धुरंधर’ एक हाई-ऑक्टेन स्पाई थ्रिलर फिल्म है।
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह ने एक सीक्रेट एजेंट का रोल किया है, जो पाकिस्तान में रहकर आतंकियों का सफाया करता है। यह फिल्म इसी साल के आखिर में रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज डेट 5 दिसंबर है। फिल्म में आर. माधवन, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

