जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: पारिवारिक कलह के चलते गांव जाटौली में महिला के द्वारा पानी में घोलकर सल्फास पीने तथा दो बच्चों को पिलाने के बाद जहां पांच साल की बेटी की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी, वहीं महिला ने बृहस्पतिवार को अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया है। दूसरी ओर, अस्पाताल में भर्ती महिला की हालत में सुधार है। जबकि दो साल के बेटे की हालत अब भी खतरे से बाहर नहीं बताई जा रही है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव जाटौली में बुधवार को राशिदा पत्नी आबिद ने पारिवारिक कलह में पानी में घोलकर सल्फास पी लिया था। इस पर गंभीरावस्था में महिला राशिदा को कैलाशी हॉस्पिटल तथा बेटी जायरा (5) तथा बेटे जैद (2) को लक्ष्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पहुंचकर राशिद के बयान दर्ज किए थे। उपचार के दौरान जायरा ने अस्पताल में दो घंटे बाद ही दम तोड़ दिया था। पुलिस ने बच्ची के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। इसके अलावा जैद की हालत फिहाहाल ठीक नहीं बताई जा रही है। इस मामले में बृहस्पतिवार को परिवार में गम के बाद खुशियां आर्इं। कैलाशी हॉस्पिटल में भर्ती राशिद ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। अभी उसको बेटी जायरा की मौत का पता नहीं है इसलिए वह बेटे के पैदा होने पर खुश नजर आई। साथ ही, डॉक्टरों से बेटे का चेहरा दिखाने के लिए कहा। नर्स ने उसको नवजात को दिखाया। राशिदा को अपने किए पर पछतावा है। उसने कहा कि स्वयं और बच्चों को सल्फास खिलाकर बहुत ही गलत कदम उठाया है। सीओ दौराला प्रकाश चंद अग्रवाल ने बताया कि राशिदा ने बृहस्पतिवार को अस्पताल में बेटे को जन्म दिया है। सीओ ने बताया कि आबिद को बुलाकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि शराब पीने के कारण परिवार में कलह थी। दूसरी ओर, आबिद और राशिदा के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया है। बता दें, आबिद मूलत: कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव शोभापुर का निवासी है। आठ साल पहले उसकी शादी गांव जाटौली में राशिदा से हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल में ही रहने लगा था। आबिद फल और सब्जी बेचने का काम करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह कार्य नहीं कर रहा था। इसके चलते उसके परिवार में आए दिन कलह रहती थी। इसके चलते बुधवार को राशिदा ने सल्फास पानी में घोलकर पहले स्वयं पिया और उसके बाद जैद व जायरा को पिला दिया था। हालत बिगड़ने पर उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
संदिग्ध हालत में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी
परतापुर थाना क्षेत्र के गांव रिठानी में एक अधेड़ का घर के अंदर संदिग्ध हालत में शव मिला है। शव से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मूलत: बिहार का रहने वाला प्रेम कुमार (47) कई सालों से गांव रिठानी में प्रदीप शर्मा के मकान में किराये पर रहता था। प्रेम कुमार औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में कार्य करता था। पिछले कई दिनों से वह आसपास के लोगों को नजर नहीं आ रहा था। बृहस्पतिवार को पड़ोसियों को उसके कमरे दुर्गंध आई तो उनको कुछ संदेह हुआ। इस पर उन्होंने सूचना परतापुर थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचें। उन्होेंने आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस को पड़ोसियों ने बताया कि प्रेम कुमार कई सालों से गांव रिठानी में किराये पर रहता था। उसने अपना आधार कार्ड भी रिठानी के पते पर ही बनवा लिया था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
नौचंदी मेला में बच्ची को रौंदने वाले के खिलाफ कार्रवाई न होने से उठे सवाल
बीती मंगलवार की देर शाम करीब 7.45 बजे मेला नौचंदी में राघव कुंज अपार्टमेट के बाहर राजस्थान के दौसा जनपद निवासी जयवीर और उसकी पत्नी गुब्बारे बेच रही थी। उनकी दो साल की बेटी गुब्बारा लेकर खेलत हुए दौड़ पड़ी। इसी बीच राघव कुंज अपार्टमेंट की बैक साइड से इको स्पोर्ट कार तेजी से आई। चालक ने लापरवाही से कार को चलाते हुए काजल को कुचल दिया। कार का पहिया बच्ची के सिर पर चढ़ गया था। गंभीर अवस्था में बच्ची को पहले नीलकमल हॉस्पिटल और उसके बाद विनोद हॉस्पिटल ले जाया गया था, जहां पर डाक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। कार मालिक द्वारा कार को लापरवाही से चलाते हुए बच्ची को कुचलकर मारने के आरोप लग रहे थे। इस मामले में पुलिस ने तीन दिन बाद भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। जिस पर नौचंदी थाना पुलिस पर तमाम सवाल उठ रहे हैं। इस मामले में एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि कार मालिक के घर के पास की सीसीटीवी फुटेज चेक की गई। सीसीटीवी फुटेज में कार लेकर ड्राईवर जाता नजर आ रहा है। पुलिस जांच कर रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

