- औद्योगिक क्षेत्र में हुई दुर्घटना, पुलिस ने शव पीएम को भेजा
जनवाणी संवाददाता |
शामली: बुधवार की अल सुबह करीब पांच बजे झिंझाना क्षेत्र के गांव जिजौला निवासी बिलाल पराली की ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर कैराना की ओर से शामली की तरफ आ रहा था। बताया जाता है कि जब ट्रैक्टर ट्राली कैराना रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में पहुंची तभी अचानक बिलाल का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रैक्टर ट्राली से नीचे गिर पड़ा। जब तक चालक ट्रैक्टर को रोक पाता, बिलाल की ट्रैक्टर के पहियों के नीचे कुचकर मौत हो गई थी।
आसपास मौजूद लोगों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर शामली सीएचसी पहुंची, जहां पर चिकित्सकों ने बिलाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी मामले की जानकारी दी। बिलाल की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। जिसके बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

