- मदरसे की दीवार निर्माण को लेकर गांव हथछोया में तनाव
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: गांव हथछोआ में मदरसे की दीवार को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन की टीम वहां पहुंची और दोनों पक्षों को वार्ता करने के बाद समझौता कराया। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक कोर्ट का आदेश नहीं आता तब तक पक्का निर्माण नहीं कराया जाए।
ऊन तहसील के गांव हथछोया में मदरसा नुरुल उलूम की दीवार गिर गई थी, जिसका निर्माण मदरसा संचालक ने शुरू कराया था, लेकिन ग्रामीणों ने मदरसे को सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बताते हुए निर्माण कार्य को रोकने की शिकायत तहसीलदार व चौकी प्रभारी से की थी। ग्रामीणों का आरोप है कि मदरसा संचालक ने खुद दीवार हटाई और पक्का निर्माण करना चाहता है।
वहीं मदरसा संचालक ने दीवार तिरछी होने के कारण गिरना बताया। दोनों पक्षों के विवाद को देखते हुए तहसीलदार सचिन कुमार वर्मा, एसओ झिंझाना अनिल कपरवान व चौकी प्रभारी राहुल सिसोदिया मौके पर पहुंचे तथा दोनों पक्षों, जिनमें मदरसा संचालक वह दूसरे पक्ष से भाजपा नेता आदि से वार्ता की। जिसके बाद दोनों पक्षों ने भराव तक पक्की तथा उसके ऊपर अस्थाई चादर लगाकर निर्माण पर सहमति जताई।
तहसीलदार सचिन कुमार वर्मा ने मदरसा संचालक को पक्का निर्माण न करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा जब तक कोर्ट का निर्णय नहीं आता तब तक कोई पक्का निर्माण नहीं होगा, जिस पर दोनों पक्षों में सहमति हो गई। बता दें कि उक्त मदरसा ग्राम समाज की भूमि में बना होने के कारण इसका वाद तहसीलदार कोर्ट में चल रहा है। उक्त भूमि पर अन्य कई लोगों का भी कब्जा है जिनका वाद भी कोर्ट में चल रहा है।

