- एनसीसी कैडेट्स के साथ यातायात पुलिस ने निकाली रैली
जनवाणी संवाददाता |
शामली: सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात पुलिस ने 85 बटालियन एनसीसी कैडेट्स के साथ शहर में जागरुकता रैली निकाली। कैडेट्स और यातायात पुलिस ने सड़क किनारे चलने वाले यात्रियों को यातायात के नियमों से अवगत कराते हुए जागरुक किया।
सोमवार को सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम के तहत 85 यूपी बटालियन एनसीसी से जुड़े जनपद के आधा दर्जन स्कूलों के एनसीसी कैडेटस ने जागरुकता रैली निकाली। रैली शामली शहर के वीवी इंटर कॉलेज से शुरू हुई। यातायात प्रभारी संजय राणा और उनकी टीम के साथ एनसीसी कैडेटस के सहयोग से शहर के विजय चौक, अजंता चौक, फव्वारा चौक, कोतवाली मोड, शिव चौक, धीमानपुरा फाटक और गुरुद्वारा तिराहा पर पैदल चलने वाले लोगों को यातायात के नियमों से अवगत कराया।
यातायात प्रभारी संजय राणा ने लोगों को सड़क किनारे चलते हुए मोबाइल पर बात नहीं करने, सड़क पार करते हुए दोनों तरफ वाहनों को देखने, दौड़कर सड़क पार नहीं करने, चौराहों पर यातायात पुलिस के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए चलने आदि के प्रति जागरुक किया। इसके अलावा एनसीसी कैडेटस ने वाहन चालकों को रोककर हैलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात के नियमों का पालन करने का आहवान किया।
यातायात निरीक्षक संजय राणा ने बताया कि सेंट फ्रांसिस स्कूल से 32 छात्र और 15 छात्राएं, स्कॉटिश स्कूल से 10 छात्र व 8 छात्राएं, आरकेपीजी कॉलेज से 21 छात्र, सत्यनारायण इंटर कॉलेज 20, ब्रिगेडियर से 15, सिल्वर बैल्स से 10 छात्र व 7 छात्राओं समेत कुल 138 एनसीसी कैडेटस ने रैली में प्रतिभाग किया।
विजय चौक पर पैदल यात्री को दौरा पड़ा
शामली। शहर में विजय चौक पर पैदल यात्री को अचानक दौरा पड़ने से हड़कंप मच गया। तुंरत ही यातायात प्रभारी संजय राणा और उनकी टीम में प्रदीप कुमार, होमगार्ड इमरान राणा, विपिन ने उक्त युवक को सड़क उठाकर किनारे करते हुए प्राथमिक उपचार के माध्यम से होश में आने पर उसके रहने के स्थान पर भेज दिया।

