- स्वतंत्रता दिवस समारोह की रैली में तिरंगों के साथ फहराया था फिलिस्तीनी झंडा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान निकाली गई रैली में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के साथ फिलिस्तीन का झंडा फहराने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस रैली का आयोजन एआईएमआईएम के महानगर अध्यक्ष ने किया था। हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही ने आरोप लगाया कि रैली के आयोजक फहीम को पुलिस ने देर रात हिरासत में तो लिया, लेकिन थाने में सेटिंग कर फिर छोड़ दिया और एक छोटे कार्यकर्ता को बलि का बकरा बना दिया।
इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था। उस वीडियो के बाद कई हिंदूवादी नेताओं ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रशासन व पुलिस से कार्रवाई की भी मांग की। जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। 15 अगस्त पर बाइक तिरंगा रैली के दौरान हापुड़ रोड गुलमर्ग सिनेमा के पास फहीम रंगरेज की बाइक रैली में एक युवक ने फिलीस्तीन का झंडा लहराया। वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई। शुक्रवार को पुलिस ने झंडा फहराने के आरोपी राशिद को गिरफ्तार कर लिया।
जाकिर कॉलोनी निवासी फहीम रंगरेज ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के दिन तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया था। जब रैली कोतवाली क्षेत्र के गुलमर्ग सिनेमा के पास पहुंची तो रैली में शामिल एक युवक ने फिलीस्तीन का झंडा लहरा दिया। 47 सेकेंड के वीडियो में साफ दिख रहा है कि तमाम लड़के हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर चल रहे हैं, लेकिन यात्रा की अगुवाई करता हुआ एक युवक हाथ में फिलीस्तीन का झंडा फहरा रहा है। हिंदूवादी संगठनों ने आरोपी की गिरफ्तारी और मुकदमे की मांग की है।
हिंदूवादी संगठन के नेता सचिन सिरोही ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाएं हो रही है, पुलिस इन्हें रोकने में नाकामयाब है। ये एक षड्यंत्र है। देश में बवाल कराने की साजिश चल रही है। उधर, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि झंडा फहराने के आरोपी राशिद उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में और कौन लोग संलिप्त हैं, इसकी जांच की जा रही है।
मामूली कहासुनी पर भाई को काट डाला, गंभीर
सरधना: क्षेत्र के अटेरना गांव में शराब के नशे में धुत होकर हंगामा करने पर भाई ने भाई पर धारदार से हमला कर दिया। आरोपी ने भई पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। जिससे वह मरणासन्न हालत में पहुंच गया। कोतवाली क्षेत्र के अटेरना गांव निवासी प्रसन्नजीत पुत्र हिमांचल दो दिन पूर्व शराब के नशे में धुत होकर हंगामा कर रहा था। विरोध करने पर उसने अपने भाई के साथ भी गाली-गलौज कर दी थी। जिसके बाद आरोपी भाई ने प्रसन्नजीत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था।
आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ प्रहार करके बुरी तरह घायल कर दिया था। गंभीर हालत में पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपी भाई के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुदकमा दर्ज कर लिया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी भाई दिनेश को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी का चालान कर जेल भेज दिया।
घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला
दौराला: सामान के रुपयों के लेन-देन को लेकर कुछ दिन पूर्व मारपीट हो गई थी, जिसके बाद एक पक्ष का युवक गंभीर घायल हो गया था। थाना क्षेत्र के मटौर गांव निवासी ओमवती पत्नी सतीश ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका बेटा राजकुमार शराब की कैंटींन पर सामान लेने गया था जहां महेश ने उसके साथ मारपीट कर घायल कर दिया था। मामले से पुलिस से शिकायत की गई तो आरोप है कि उनके घर लौटते ही आरोपितों ने पीड़ित परिवार पर हमला बोल दिया और घायल कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की तो दोनों के बीच जबरदस्ती समझौता हो गया। पीड़ितों ने एसएसपी से आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है।

