- लूट की योजना बनाते हुए तमंचे के साथ पकड़े थे आरोपी
- हवालात की निगरानी पर नियुक्त सिपाही पर मुकदमा दर्ज
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना/ऊन: चोरी और लूट की योजना बनाते हुए तमंचे के साथ गिरफ्तार किए गए दो आरोपी हवालात से फरार हो गए। हवालात का ताला तोड़कर फरार होने की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। एएसपी ने चौकी पर पहुंचकर जानकारी ली। जिसके बाद एसपी के आदेश पर हवालात की निगरानी और कार्यलेख पर नियुक्त सिपाही के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
बुधवार की रात को चौसाना चौकी पुलिस ने लूट की योजना बनाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों ने अपने नाम रहीश उर्फ काला पुत्र असगर निवासी माहीकोटा थाना नांगल जनपद सहारनपुर हाल निवासी गांव कुंडा थाना गंगोह सहारनपुर और गुफरान पुत्र शौकीन निवासी चौसाना बताए थे।
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हवालात में बंद किया था। इसके साथ ही युवती को भगाने के आरोप में चौसाना क्षेत्र के गांव श्यामली श्यामला निवासी एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर मुंशी कार्यालय में बैठाया था। बताते हैं कि बुधवार की रात को हवालात की निगरानी और कार्यलेख पर तैनात सिपाही योगेंद्र कार्यालय में बैठा सो रहा था। गुरुवार की अलसुबह को हवालात में बंद रहीस और गुफरान ने कार्यालय में बैठे व्यक्ति की मदद से हवालात का ताला तोड़कर और हथकड़ी का ताला खुलवा लिया। इसके बाद तीनों आरोपी चौकी से फरार हो गए। चौसाना चौकी में रात्रि ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड डयूटी से नदारद था। तीनों आरोपियों के फरार होने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। इसके बाद चौकी पुलिस ने आरोपितों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। घटना की सूचना पर गुरुवार को एएसपी ओपी सिंह, सीओ कैराना अमरदीप मौर्य व झिंझाना थाना प्रभारी हरीश कुमार राजपूत मौके चौकी पर पहुंचे।
वहीं एएसपी ने बताया कि हवालात और कार्यलेख पर तैनात आरक्षी योगेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने रात्रि में डयूटी पर तैनात होमगॉर्ड संजय को भी हिरासत में लिया। पुलिस होमगार्ड से भी पूछताछ कर रही है। वहीं आरोपियों की तलाश में तीन टीमों का गठन किया गया जिन्होंने कई स्थानों पर दबिश दी है।

