- आज भी वेस्ट यूपी में बारिश के आसार
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: दिन भर मौसम में हुए उतार चढ़ाव के बीच शाम चार बजे अचानक से मौसम बदला और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते मौसम ठंडा हो गया। शुक्रवार को भी भी वेस्ट यूपी में बारिश के आसार है।
बृहस्पतिवार को भी मौसम फिर से बदल गया। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया था। दो से तीन दिन तक वेस्ट यूपी में बारिश होगी। बृहस्पतिवार को मौसम बदला ओर तेज बारिश शुरू हो गई।

बारिश का असर शाम के समय इतना तेज था कि हवा में लोग परेशान हो गए और देखते ही देखते तेज आंधी के साथ बारिश बढ़ती चली गई। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा यूपी शाही का कहना है कि अभी दो दिन और हल्की से माध्यम बारिश के आसार हे। तेज हवा के साथ बारिश होगी और दिन के तापमान में फिर से गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष का कहना है कि शाम के समय अचानक से तेज अंधेरा छा गया और फिर तेज आंधी आ गई। यह दौर अप्रैल और मार्च माह में आने वाली बारिश में देखने को मिलता है। अभी दो दिन आगे भी ऐसे ही मौसम रहेगा और तेजी से मौसम में बदलाव आएगा। मार्च माह तीसरी बार मौसम के तेवर बदले हैंञ जिस कारण से बार बार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश आ रही है।
गेहूं की फसल चौपट
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्ववद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. आरएस सेंगर का कहना है कि ऐसे मौसम में सबसे ज्यादा बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचेगा। हवा और तेज बारिश से गेहूं का दाना काला पड़ जाएगा और गेहूं के उत्पादन पर भी बहुत ज्यादा असर पड़ेगा। लगातार कई बार मार्च माह में बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान गेहूं को है।
प्रदूषण हुआ कम
प्रदूषण का स्तर बारिश के चलते बृहस्पतिवार को कम हो गया। मेरठ का एक्यूआई गिरते हुए 185 पर आ गया है। जबकि बागपत में 140 और गाजियाबाद में 148 दर्ज किया गया। जबकि जयभीमनगर में 162 और गंगानगर में 188 और पल्लवपुरम में 206 दर्ज किया गया।
फसलों के मुआवजे की मांग
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ ही जनपद में लगातार हो रही बेमौसम बारिश से किसानों की गेहूं, सरसों, आलू एवं मटर आदि की फसलें ज्यादा प्रभावित हुई है। भाकियू के पश्चिमी यूपी संगठन मंत्री राजकुमार, भाकियू के ही अशफाक जैनपुर समेत तमाम संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने इस मामले में सरकार से किसानों को बर्बाद फसलों का मुआवजा देकर आर्थिक मदद करने की मांग की है।
आंधी से शहर के 48 बिजलीघरों पर घंटों गुल रही बिजली
गुरूवार शाम अचानक बदले मौसम ने शहर में बिजली व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया। शहर के 50 बिजली घरों में माधवपुरम, परतापुर, शाताब्दी नगर, जेलचुंगी, मोहनपुरी, जलीकोठी, कंकरखेड़ा, गंगानगर एक, दो व तीन, ब्रह्मपुरी, जिला अस्पताल, केसर गंज, टीपी नगर, रामलीला मैदान, साकेत, प्रभात नगर, डिफेंस कॉलोनी, सदर, लालकुर्ती, एमईएस, मोदीपुरम, पल्लवपुरम आदि तमाम बिजली घरों में आंधी की वजह से फाल्ट हो गए। तेज हवा ने दर्जनों जगहों पर विद्युत लाइनें ध्वस्थ कर दी। खंबों से तार टूटकर जमीन पर आ गिर जिस वजह से शहर व कैंट की बड़ी आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर हो गई।

इस बीच शहर के कई इलाकों में लोग पानी को भी तरस गए। बिजली आपूर्ती ठप्प होने से ओवरहैड टैंकों से पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई। विद्युत विभाग की करीब 40 टीमें सड़कों पर उतरी और टूटी लाइनों को ठीक करने में जुटी रही। जाग्रति विहार के दो बिजलीघरों को छोड़कर पूरा शहर अंधेरे में डूब गया।
रात दस बजे तक एक दर्जन बिजलीघरों में फाल्ट ठीक करने का विभाग द्वारा दावा किया गया लेकिन कई घंटों तक स्थिति नहीं सुधरी। वहीं इस संबंध में राजेंद्र बहादुर, एई विद्युत विभाग का कहना है कि आंधी की वजह से शहर के 48 बिजली घरों से आपूर्ती ठप हो गई है। विभाग की कई टीमें फाल्ट ठीक करने में जुटी है, उम्मीद है देर रात तक शहर में बिजली व्यवस्था सुचारू हो जाएगी।

