- लोगों के लाठी-डंडे लेकर आने पर जंगल में निकला बाघ
जनवाणी संवाददाता |
नगीना: ग्रामीण क्षेत्र में बाघ और गुलदार की आवक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है। जिसके चलते लोग जंगल को जाते डर रहे है। गांव खिजरपुर जग्गू में बाघ ने दीवार फांदकर बछड़े को निवाला बनाने का प्रयास किया। लोगों की घेराबंदी के बाद बाघ जंगल में निकल गया।
थाना क्षेत्र के ग्राम खिजरपुर जग्गू उर्फ जग्गुवाला निवासी लाल सिंह पुत्र कलवा सिंह प्रजापति ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि को उनकी पशुशाला की दीवार फांदकर बाघ गया और गाय के बछड़े पर हमला कर दिया।
आवाज होने पर लाल सिंह की पास में सोने के कारण आंख खुल गई और शोर मचाते हुए लाठी डंडों से बाघ को भगाने का प्रयास किया। आस-पास के लोगों का शोर सुन बाघ बछड़े को छोड़ दीवार फांदकर जंगल की ओर भाग गया। बाघ के हमले से बछड़ा घायल हो गया दिन निकलने पर इसकी सूचना पशु चिकित्साधिकारी को दी।
उन्होंने मौके पर पहुंच कर घायल बछड़े का उपचार किया। बाघ के गांव में आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। जिसके डर से शुक्रवार को पूरे दिन लोग अपने जंगलों में नहीं गए। ग्रामीणों का कहना है कि घटना की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी तो उनका कहना है कि यदि हमने किसी तरह बाघ को पकड़ कर वनों में छोड़ भी दिया तो वह फिर आ जाएगा।
ज्ञात रहे कि अभी चार दिन पूर्व बुड़ावाला के जंगल मे डायल 112 के दरोगा ने नहर की पुलिया पर बाघ के बच्चे आपस मे खेलते देखे थे, जिन्हें उन्होंने दूर से ही अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर वन विभाग को सूचित किया था लेकिन वन विभाग शायद किसी बड़ी घटना कि इंतजार में है।

