जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: हरियाणा के हांसी में सोरखी गांव के पास बेसहारा पशु आने के कारण असंतुलित हुई टोयोटा गाड़ी ड्रेन में गिर गई। हादसे में कार सवार उमरा गांव के रहने वाले चिकित्सक 33 साल के सतीश और 24 साल के पहलवान राकेश की मौत हो गई। दोनों दोस्त थे और मुंडाल जा रहे थे। दोनों के शव गाड़ी में बरामद हुए। सोमवार सुबह क्रेन के सहारे गाड़ी को बाहर निकाला गया। हादसे का पता चलने पर गांव में मातम छा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार उमरा गांव निवासी राकेश पहलवानी करता था और चिकित्सक सतीश गांव में प्रेक्टिस करता था। दोनों रात साढ़े नौ बजे अपने दोस्त से मिलने के लिए मुंडाल जा रहे थे। जब वे सोरखी गांव के पास पहुंचे तो अचानक कार के सामने बेसहारा पशु आ गया। गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे से गुजर रही 20 फुट गहरी ड्रेन में जा गिरी।
गाड़ी की खिड़की न खुलने के कारण दोनों अंदर फंसे रहे। हादसे के बाद 11 बजकर 20 मिनट पर राकेश ने अपने परिजनों को फोन कर बताया कि उसका हादसा हो गया है और उसे धुंधला दिखाई दे रहा है। उसके बाद फोन बंद हो गया। पता चलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सोमवार तड़के क्रेन के माध्यम से गाड़ी को बाहर निकाला गया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में लेकर गए।

