जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में शनिवार को एक दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कंटेनर ने दो ऑटो को रौंद दिया। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग जगन्नाथ यात्रा से लौट रहे थे और सहपऊ के निवासी थे। वे आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद ऑटो से अपने घर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ऑटो एक ही दिशा में जा रहे थे। अचानक पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर दूसरे ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। इसके बाद, स्थानीय लोगों ने आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की।
यह सभी लोग 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी यात्रा के लिए निकले थे और वहां दर्शन करने के बाद शनिवार को जबलपुर से आगरा कैंट पहुंचे थे। वहां से वे अपने गांव के लिए ऑटो से लौट रहे थे। ऑटो में सवार थे बिजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री, धनप्रसाद, विजय सिंह, उदय सिंह और ऑटो चालक शहीद खान। नगला चंदन जलेसर रोड पर कंटेनर ने इनको टक्कर मारी, जिससे मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई। धनप्रसाद, विजय सिंह और उदय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। धनप्रसाद को इमरजेंसी में भर्ती किया गया, जबकि विजय सिंह और उदय सिंह को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। रणवीर सिंह रिटायर्ड दारोगा बताए गए हैं।
मृतकों के नाम बीजो, लख्मीचंद, रणवीर सिंह, बिल्ला मिस्त्री और शाहिद बताए जा रहे हैं। घायलों में धनप्रसाद, विजय सिंह और उदय सिंह शामिल हैं। पांच मृतकों के शव एसएन मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं, जबकि घायलों का इलाज जारी है।

