जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने परिवहन निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कोहरे में सभी बसों में आल वेदर बल्ब, तीन प्रकार के रिफ्लेक्टिव टेप, वाइपर, बैक लाइट, ब्रेक लाइट, शीशे पूरे एवं दुरुस्त ब्रेक के साथ मार्ग पर संचालित किया जाए। जिससे कि कोहरे में बसों के संचालन में कोई कठिनाई न हो तथा यात्रियों को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा कराई जा सके।
दयाशंकर सिंह ने यह भी निर्देश दिए है कि चालक भी सुरक्षा मानकों का पालन करें। उन्होंने कहा कि चालक परिचालक वर्दी, लाइसेंस एवं बैज के साथ मार्ग पर ड्यूटी करे। मार्ग पर चेकिंग के समय ब्रेथ एनालाइजर से चालक और परिचालक की मादक पदार्थ के सेवन की चेकिंग की जाए।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक संजय कुमार ने बताया कि इस संबंध में सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं कि 10 नवंबर तक समस्त क्षेत्रीय प्रबंधक और सेवा प्रबंधक प्रमाण पत्र देगे कि सभी बसों में ऑल वेदर बल्ब, रिफ्लेक्टिव टेप, वाइपर, बैक लाइट, ब्रेक लाइट और शीशे आदि पूरे है। नोडल अधिकारी प्रति परीक्षण करेगे कि उक्त कार्य पूरे हुए है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

