- 27 जनवरी को युवक को आतंकित कर लूटी थी ई-रिक्शा
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शामली शहर के मोहल्ला दयानंदनगर गली नंबर पांच नाला पटरी निवासी इंद्रपाल ई-रिक्शा चलाता है। 27 जनवरी की रात करीब सवा आठ बजे विजय चौक से दो युवक उसकी ई-रिक्शा में सवार होकर खेड़ीकरमू बिजलीघर तक के रवाना हुए थे। रॉक गोल्ड स्कूल के पास उसे रोक लिया और तमंचा व चाकू निकालकर उसकी ई-रिक्शा व 200 रुपये लूट लिए थे। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
29 जनवरी की रात को कोतवाली पुलिस गश्त कर रही थी। तभी बलवा के निकट निर्माणाधीन बाइपास पर ई-रिक्शा लेकर जा रहे दो युवकों को देखकर पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर एक युवक ने पुलिस की तरफ फायर कर दिया और गोली हेड कांस्टेबल को लग गई। इसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी करते हुए फायरिंग की जिसमें बदमाशों के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए।
इसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को दबोच लिया और घायल हेड कांस्टेबल मनोज समेत तीनों को शामली सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई ई-रिक्शा, दो तमंचे, कारतूस, खोखे बरामद किए। बदमाशों ने अपने नाम आकाश उर्फ मन्टू पुत्र विनोद व गौरव उर्फ अंकित पुत्र प्रेमपाल निवासीगण ग्राम लिलौन बताए हैं।

