Friday, March 13, 2026
- Advertisement -

जुए और बार बालाओं के डांस के शौकीन अंडरग्राउंड

  • पुलिस खंगाल रही लोकेशन, मोबाइल स्वीच आफ, कसीनो में तब्दील होटल हारमनी इन प्रकरण में कई पर एफआईआर की तैयारी

जनवाणी संवाददाता |

मेरठ: जुए और बार बालाओं के डांस के शौकीन होटल हारमनी इन के कसीनो में पहुंचने वाले फिलहाल खाकी के खौफ के चलते अंडरग्राउंड है। कई के नंबर स्वीचआॅफ जा रहे हैं। दरअसल पुलिस होटल कैसीनो में तब्दील होटल हारमनी में जितने भी लोग एक-एक लाख रुपए की एंट्री फीस देकर पहुंचे थे, उन सभी को ट्रेस करने में लगी हुई है। इसके लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। सीसीटीवी में नजर आ रहे लोगों के चेहरे पहचानने का भी प्रयास किया जा रहा है।

सूत्रों की मानें तो कुछ चेहरे पहचाने गए हैं, लेकिन पुलिस इसको लेकर अभी कुछ भी खुलासा करने में परहेज बरत रही है। माना जा रहा है कि पुलिस पुख्ता कार्रवाई व लिखा-पढ़ी के बाद ही बार बालाओं के डांस व जुए के शौकीन सफेदपोशों के चेहरों से नकाब उठाना चाहती है। केवल नकाब ही नहीं उठेगा उनके खिलाफ मुकदमें भी लिखे जाएंगे ताकि शहर में नजीर बन सके और दोबार कोई अवैध कसीनो चलाकर जुआ खिलाने की हिम्मत ना जुटाए। इस काम में पुलिस को कितनी कामयाबी मिली है यह कहना तो अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन पुलिस दिन भर इसको लेकर काम करती रही है।

सूत्रों ने ये भी जानकारी दी कि कई चेहरे पहचाने भी गए हैं। जिनके पहचाने जाने की बात सुनने में आ रही है उनके मोबाइल स्वीच आॅफ जाने की बात पता चली है। पुलिस के आलाधिकारियों ने होटल हारमनी इन प्रकरण में सर्विलांस टीम को भी एक्टिवेट किया हुआ है। होटल में लगे छापे में पकड़ गए होटल मालिक नवीन अरोड़ा, चिराग तनेजा, अमित चांदना, राजीव, कपड़ा व्यापारी मोहित से पूछताछ के लिए भी टीम थाना नौचंदी पहुंची थी।

कुछ जानकारी भी जुटायी है। बताया गया है कि जुटायी गयी जानकारी के आधार पर ही पुलिस आगे काम कर रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने जानकारी दी कि होटल में अवैध कसीनो मामले में मुकदमें दर्ज करने का विकल्प खुला रखा है। जो लोग वहां पहुंचे थे और छापे से पहले ही फरार हो गए थे, उन तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। कई टीमें इस काम में लगायी गई हैं। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

नवीन आरोरा पर दर्ज है एफआईआर

होटल हारमनी में अवैध कसीनो के अलाव नवीन अरोरा पर होटल पर कब्जा करने पर दर्ज हुआ था। मुकदमा होटल हारमनी इन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है। इसके पुराने मालिक फिलहाल जबलपुर में रहने वाले ताराचंद्र पुरी ने नवीन अरोड़ा पर आरोप लगाया था कि उनके साथ धोखाधड़ी करके उनका होटल कब्जाया गया है।

बंदूक की नोक पर कम पैसे देकर होटल कब्जाने का आरोप था। यह उस दौरान सुर्खियों में रहा था। इस मामले में डीजीपी और एसएसपी को पत्र लिखा था। जिस पर जांच बैठाई गई थी। नौचंदी थाने में नवीन अरोड़ा समेत होटल के साझेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।

छापे के दर्जनों कॉल

होटल हारमनी इन में छापे के बाद पुलिस के कुछ अधिकारियों पर दबाव के लिए कई फोन काल्स भी आए। नाम न छापे जाने की शर्त पर सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। हालांकि अच्छी बात यह रही है कि पुलिस अधिकारियों ने किसी भी प्रकार के दबाव में आने या राहत देने से साफ इंकार दिया। दो टूक कह दिया गया था कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जितने भी मौके से गिरफ्तार किए गए हैं सभी के खिलाफ मुकदमा लिखा जाएगा।

इन पर दर्ज है एफआईआर

इस कांड में सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने होटल हारमनी इन के मालिक नवीन अरोरा, राकेश, मोहित, गौरव कंसल, राजकुमार, राजीव गुलाठी, संजय अरोरा, देवेन्द्र पाल सेठी, राजीव मिलगानी, राकेश जुनेजा, अशोक तनेजा, अमित चांदना, रजत सिंह, हिमांशु व मैनेजर आदिल खान पर एफआईआर करायी है।

इंस्पेक्टर नौचंदी को बुलाना पड़ा महंगा

छापे की कार्रवाई के लिए पुलिस फोर्स जब रवाना हुआ तो बताया जाता है कि एक अधिकारी ने इंस्पेक्टर नौचंदी को कॉल कर बुला लिया और बताया कि ऐसे ऐसे कार्रवाई को चलना है। बस यह फोन काल्स ही महंगी पड़ गयी। खबर सीधे होटल तक जा पहुंची। शहर के जितने भी बिगडेÞ रईस मौजूद थे उन्हें वहां से पुलिस को गच्चे देकर निकलने का मौका मिल गया। हालांकि सूचना लीक कैसे हुई इसकी जांच करायी जा रही है। भूमिका पायी गयी तो कार्रवाई भी तय है।

बार बालाओं पर उड़ाए जाने थे नोट, जीत पर काटी जाती थी नाल

होटल हारमनी इन के अवैध कसीनो को लेकर यह भी चर्चा है कि गैंबलर जब जीत जाता, तब कैश से आॅर्गनाइजर अपना कमीशन यानी नाल काटता। हर जीत पर एक प्रतिशत नाल काटकर बाकी रकम जीतने वाले को दी जाती। पुलिस ने पूरे मामले में मजबूत सबूत तैयार कर रही है। इसमें होटल संचालक और मुख्य आरोपी नवीन अरोड़ा है। नवीन अरोड़ा ने पुलिस को जो कुछ बताया वो सारे तथ्य एफआईआर में हैं। सुनने में आया है कि होटल में गोल्डन चेयर में अलग लेवल का खेल चलता। यहां मॉडल हर समय गैंबलर के पास खड़ी होती। कॉइन की तत्काल डिलीवरी करातीं है।

टेबल पर अगर चार गैंबलर बैठे हैं तो हर गैंबलर के साथ एक मॉडल मौजूद रहती। ये मॉडल आपस में भी प्रतिद्वंदी की तरह रिएक्ट करतीं। जीतने पर इन्हें टिप मिलती। कसीनो में डांस करने वाली बार-बालाओं पर भी जुआरी जीत के बाद जमकर पैसे लुटाते। पूरे गेम में किसी तरह का विवाद न हो, इसके लिए बाउंसर भी लगाए गए थे। अंदर क्वाइन और चिप्स, कार्ड्स के जरिए बाजियां लगाई जा रही थीं। जीतने वाले को प्लास्टिक करेंसी के बदले मैनेजर कैश देता। होटल हारमनी इन के फर्स्ट फ्लोर को पुलिस ने रेड के बाद सील कर दिया है।

होटल हारमनी इन पर कसेगा शिकंजा

प्रशासन ने होटल हारमनी इन पर शिकंजे की तैयारी शुरू कर दी है। इस होटल का कितना हिस्सा अवैध है और कितना वैध है। इसकी भी जांच पड़ताल करायी जा रही है। इसको लेकर मेरठ विकास प्राधिकरण से भी इस होटल को लेकर जानकारी तलब की गयी है। होटल के मानचित्र को लेकर जानकारी जुटायी जा रही है। प्रशासन के उच्च पदस्थ अधिकारियों ने बताया कि पुलिस पूरे मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर होटल के नक्शे और एनओसी से जुड़े जो भी बिंदू हैं। उनकी जांच संबंधित विभाग से कराई जाएगी। मेडा से होटल के नक्शे की जांच करेंगे।

गैर कानूनी है कसीनो, इनकम टैक्स की कार्रवाई संभव

होटल हारमनी इन में कसीनो खोलकर जुआ खिलाया जाना और वहां पर बाल बालाओं को नचाना पूरी तरह से गैर कानूनी व अपराध है। इसके अलावा इस मामले में जो नयी जानकारी मिली है वो यह कि आयकर विभाग के अधिकारी स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई का मन बना चुके हैं। इसको लेकर मीडिया में आयी खबरों का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस की ओर से बताया गया था कि एंट्री फीस के नाम पर एक लाख रुपये प्रति मैंबर से लिया जा रहा था।

करीब 250 लोगों की मौजूदगी की बात सुनने में आयी है। यह भी सुना गया है कि होटल हारमनी इन में इस प्रकार की पार्टियां अक्सर होती हैं। उल्लेखनीय है कि गैंबलिंग पूरी तरह गैरकानूनी है। शहर में इसे कैसे आयोजित किया जाने लगा, किसके संरक्षण पर गेम होता रहा। इसकी भी जांच की।

spot_imgspot_img

Subscribe

Related articles

चिंटू जी का नाम अब बिना अनुमति इस्तेमाल नहीं होगा, कपूर परिवार ने लिया सख्त कदम

नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत...
spot_imgspot_img