जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्र नेता अक्षय बैंसला के नेतृत्व में छात्रों ने विश्वविद्यालय की पूर्व प्रति कुलपति एवं वर्तमान में विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रो.वाई विमला द्वारा लिए गए अवैध मानदेय के विरोध में बैंड बाजा एवं ढोल के साथ विश्वविद्यालय प्रशासन की बारात निकाली और जमकर नारेबाजी की।
इतना ही नहीं पूरे विश्वविद्यालय में बैंड बाजा और ढोल के साथ घूम कर छात्रों ने सभी को बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन किस प्रकार भ्रष्टाचार करता है। उसके बाद छात्र कुलपति कार्यालय पहुंचे जहां सुरक्षा कर्मियों द्वारा कार्यालय का गेट बंद करने के कारण छात्रों ने अपना ज्ञापन कुलपति कार्यालय के गेट पर चस्पा किया। जिसमें छात्रों ने अवैध मानदेय लेने वाली पूर्व प्रति कुलपति और इस भ्रष्टाचार में सम्मिलित सभी लोगों पर कार्यवाही करने की मांग की।
प्रदर्शन करने वालों में अक्षय बैंसला, अंकित भड़ाना भडोली, दक्ष पुरी, विशाल बैशौया, योगेश, शनि, तुषार, सौरव आदि छात्र मौजूद रहे।

