- 24 से आगामी 26 जनवरी तक मनाया जाएगा स्थापना दिवस
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर 24 से आगामी 25 जनवरी तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उप्र स्थापना दिवस को ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ के रुप में मनाया जाएगा। तीन दिनों तक विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी, पुरस्कार, सम्मान, बेबीनार, सेमिनार सहित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी ने कलक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की मीटिंग में तैयारियों को अंतिम रूप दिया। सीडीओ ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर जनपद स्तर पर कार्यक्रम जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर गोहरनी में आयोजित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ आयोजन की थीम ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश महिला, युवा, किसान, सबका विकास सबका सम्मान’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
आत्मनिर्भर उप्र को आधार बनाकर सभी विभाग अपनी कार्ययोजना संचालित करें। रोजगार के अवसर के साथ क्रियान्वयन की पूरी रुपरेखा प्रस्तुत करना होगा। लाभार्थीपरक योजनाओं के लिए चयनित लाभार्थियों को सम्मानित किया जाए। अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाल कलाकार, शिल्पकार, किसान, श्रमिक, महिलाएं तथा युवाओं को प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाए। प्रदेश की कृषि व्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाए जाने के लिए कई क्षेत्रो में किए गए कार्यों एवं योजनाओं का प्रस्तुतिकरण तथा लाभार्थियों के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाए।

