- प्रत्येक केंद्र 100 हैल्थ वर्करों के टीकाकरण है लक्ष्य
- तीनों केंद्रों की कोल्ड चेन, सीसीटीवी, पुलिस का पहरा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: कोरोना को हराने के लिए स्वदेशी टीकाकरण शनिवार की सुबह प्रारंभ हो जाएगा। प्रथम चरण में जनपद के तीन केंद्रों पर बनाए गए छह बूथों पर 1300 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर एक दिन में 100 हैल्थ वर्करों का वैक्सीनेशन करने का लक्ष्य रखा गया है। कड़ी सुरक्षा में केंद्रों के लिएआंवटित वैक्सीन कोल्ड चेन रखवा दिया है। प्रत्येक केंद्र पर वैक्सीन की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरें और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

शनिवार को प्रारंभ होने वाले टीकाकरण के लिए शुक्रवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय से कोरोना वैक्सीन को जिला अस्पताल शामली, कैराना सीएचसी में वैक्सीन भेज दी गई है। तीसरे केंद्र कुडाना वैक्सीन को शामली सीएचसी में बनी कोल्ड चेन में रखा गया है, जो शनिवार की सुबह कुड़ाना सीएचसी भेजी जाएगी।
जनपद में कुल 4231 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। शामली और कुड़ाना के लिए 870 वैक्सीन तथा कैराना सीएची के लिए 430 वैक्सीन भेजी गई है। वैक्सीनेशन के प्रथम दिन तीनों वैक्सीनेशन केंद्रों के दो-दो बूथों पर 100-100 हैल्थ वर्करों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

एक बूथ पर तीन कक्ष स्थापित
शनिवार को तीन केंद्रों के छह बूथों पर वैक्सीनेशन प्रारंभ होगा। प्रत्येक बूथ पर वैक्सीनेशन के लिए तीन कक्ष है। प्रथम कक्ष में वैक्सीनेशन को आने वालों की आईडी से पोर्टल पर फीड डाटा से मिलान किया जाएगा। सत्यापन होने के बाद दूसरे कक्ष में भेजा जाएगा।
दूसरे कक्ष में वैक्सीनेशन किया जाएगा। जिसके बाद पोर्टल पर सम्बंधित व्यक्ति के वैक्सीनेशन की डिटेल अपलोड की जाएगी। तीसरे कक्ष में वैक्सीनेशन के बाद आधा घंटे तक वैक्सीन लगवाने वाले व्यक्ति को आधा घंटा आराम कराया जाएगा और देखा जाएगा कि वैक्सीनेशन के बाद कोई रिएक्शन तो नहीं हुआ है।
तीनों केंद्र पर जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त
शनिवार को प्रारंभ होने वाले वैक्सीनेशन के लिए तीनों केंद्रों के लिए एसीएमओ रेंक के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिनमें जिला अस्पताल के लिए डा. सफल कुमार, कुड़ाना सीएचसी के लिए डा. सुशील कुमार तथा कैराना सीएचसी के लिए डा. नेतराम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सीएमओ ने आईएम के चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश
आईएमए के अध्यक्ष डा. अकबर खान ने बताया कि शनिवार से जनपद में वैक्सीनेशन की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। जिसके लिए शुक्रवार को सीएमओ डा. वीबी ढाका ने बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण के बारे में विस्तार से बताया।
आईएमए के पदाधिकारियों ने सीएमओ को आवश्स्त किया कि टीकाकरण अभियान में आईएमए के चिकित्सक पूरे सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि टीकारण कोरोना से बचाने के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि देश को करोना मुक्त बनाने के लिए कोरोना टीकाकरण अभियान में सहयोग करें।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी डा. आरके सागर, डा. डीपी गुप्ता, डा. अजय कुृमार सैनी, डा. खुर्शीद अनवर, डा. मुकेश, डा. आरपी सिंह, डा. गौरव गोयल, डा. केपी देशवाल, डा. राकेश जैन, डा. पंकज गर्ग, डा. महबूब अली खान, डा. अरूण राय, डा. सौरभ अग्रवाल, डा. सुनील मित्तल आदि उपस्थित रहे।
कैराना सीएचसी पहुंची 430 डोज
शनिवार सुबह 10 बजे से कैराना सीएचसी पर उपरी मंजिल पर बनाये गये दो बूथो पर करीब 100 स्वास्थ्य कर्मियो को कोरोना वैक्सीन लगायी जाएगी। शुक्रवार को शामली जिला अस्पताल से कैराना सीएचसी पर कोरोना वैक्सीन की 430 डोज लायी गई।
जिन्हे उपरी मंंजिल पर बने कोल्ड चैन रूम में 2 से 8 डिग्री तापमान पर रखा गया। वैक्सीन आने से पहले ही कोल्ड चैन रूम के अन्दर व वैक्सिनेशन बूथ पर एक-एक सीसीटीवी कैमरा लगाया गया। साथ ही, दो पुलिसकर्मियो की 24 घंटे ड्यूटी भी लगायी गई।
सीएचसी के चिकित्सा अधिक्षक डाक्टर भानू प्रकाश ने बताया कि कैराना ब्लाक में डाक्टर, स्टाफ के अलावा आंगनवाडी, एनम, आशाओ सहित कुल 430 स्वास्थ्य कर्मी है। 5 दिन में सभी को वैक्सीन लगाने की कार्य योजना है। प्रतिदिन दो बूथो पर 100 स्वास्थ्य कर्मियो को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है।

