- रैंकिंग में सहारनपुर ने पाया प्रदेश में 10वां स्थान
- 500 में से 427 स्वास्थ्य कर्मियों ने लगवाया कोरोना का टीका
वरिष्ठ संवाददाता |
सहारनपुर: सूबे में सहारनपुर को कोरोना टीकाकरण की रैंकिंग में 10 वां स्थान मिलने से स्वास्थ्य विभाग में खुशी की लहर है। सहारनपुर ने मंडल के मुजफ्फरनगर, शामली को पीछे छोड़ते हुए यह रैंकिंग हासिल की है। सहारनपुर ने मेरठ से ऊपर जगह बनाई है। कोरोना टीकाकरण का प्रतिशत जनपद में 85 रहा है।
यह बताने की जरूरत नहीं कि 16 जनवरी को जनपद में एसबीडी जिला अस्पताल, महिला चिकित्सालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज, गंगोह और सरसावा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) पर कोरोना का टीकाकरण हुआ। पहला टीका मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएस सोढ़ी को जिला अस्पातल परिसर में लगाया गया। बाद में अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए गए।
इस महाअभियान में पांचों केंद्रों पर 427 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगी, जिनमें 255 महिला और 172 पुरुष स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे। जबकि केंद्रों पर 500 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इनमें 73 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित रहे। सहारनपुर में शाम पांच बजे तक 85 फीसदी स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया।
प्रदेश में कोरोना टीकाकरण के महाअभियान की शासन स्तर पर रैंकिंग तैयार की गई, जिसमें 85 फीसदी टीकाकरण के साथ सहारनपुर प्रदेश में 10वें पायदान पर है। जबकि मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली में 80 फीसदी स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई।
किन केंद्रों पर कितने लगाए गए टीके
केन्द्र टीकाकरण
- एसबीडी जिला अस्पताल 78
- महिला चिकित्सालय 74
- राजकीय मेडिकल कॉलेज 100
- गंगोह सीएचसी 90
- सरसावा सीएचसी 85
- कुल टीकाकरण 427
- कुल प्रतिशत 85 प्रतिशत
सीएमओ डाक्टर बीएस सोढ़ी ने बताया कि शनिवार को जिले में पांच केंद्रों पर 500 में से 427 स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई। 85 फीसदी टीकाकरण हुआ है। कोरोना टीकाकरण की शासन स्तर से रैकिंग की गयी है, जिसमें सहारनपुर प्रदेश में 10वें पायदान पर है।

