नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। हिंदी फिल्मों में अपनी गंभीर और यादगार सहायक भूमिकाओं से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले अभिनेता अच्युत पोतदार का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनकी तबीयत 18 अगस्त को अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन वे जीवन की जंग हार गए। उनके निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार आज 19 अगस्त, मंगलवार को किया जाएगा।
‘3 इडियट्स’ के प्रोफेसर से सबके दिलों में बनाई जगह
2009 में आई आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ में अच्युत पोतदार ने प्रोफेसर का किरदार निभाया था। उनका डायलॉग “अरे, कहना क्या चाहते हो?” फिल्म के बाद इतना मशहूर हुआ कि यह सोशल मीडिया और मीम्स की दुनिया में एक चर्चित लाइन बन गई। इस भूमिका ने उन्हें एक अलग पहचान दी, खासकर युवा दर्शकों के बीच।
सेना से लेकर सिनेमा तक का सफर
अच्युत पोतदार का जीवन सिर्फ अभिनय तक सीमित नहीं था। वे एक बहुआयामी व्यक्तित्व थे।
मध्य प्रदेश के रीवा में प्रोफेसर के तौर पर करियर की शुरुआत की।
इसके बाद वे भारतीय सेना में कैप्टन के पद तक पहुंचे और 1967 में रिटायर हुए।
रिटायरमेंट के बाद उन्होंने इंडियन ऑयल कंपनी में नौकरी की और साथ ही थिएटर से जुड़ गए।
44 साल की उम्र में उन्होंने फिल्मों में अभिनय की शुरुआत की और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
इन फिल्मों और सीरियल्स में भी किया अभिनय
‘3 इडियट्स’ के अलावा अच्युत पोतदार कई बड़ी फिल्मों में नजर आए, जैसे: ‘दबंग 2’ ‘फेरारी की सवारी’ ‘भूतनाथ’ (अमिताभ बच्चन के साथ),टीवी सीरियल ‘अमिता का अमित’ में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
सिनेमा जगत में शोक की लहर
अच्युत पोतदार के निधन की खबर मिलते ही बॉलीवुड से जुड़े कई कलाकारों और निर्माताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पर फैन्स और सेलेब्स उनके डायलॉग्स और फिल्मों के यादगार लम्हों को शेयर कर रहे हैं।

