- स्थानीय अधिकारियों सहित डीएम तक से कर चुके शिकायत
जनवाणी संवाददाता |
थानाभवन: अधिकारियों की अनदेखी का आलम तो देखिए गांव हरड़ फतेहपुर में तालाब ओवरफ्लो होने के कारण करीब डेढ़ सौ लोग पिछले कई साल से गंदे पानी के बीच नारकीय जीवन जीने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसा भी नहीं कि अधिकारियों को जानकारी नहीं, क्योंकि स्थानीय अधिकारियों से लेकर जिलाधिकारी से ग्रामीणों ने शिकायत की लेकिन कोई समाधान नहीं हो सका।
थानाभवन थाना क्षेत्र के गांव हरड़ फतेहपुर की दलित बस्ती के पास गांव का तालाब है, जो गंद्गी व गंदे पानी से लबालब भरा हुआ है। ओवरफ्लो होने के कारण तालाब में पानी की निकासी नहीं हो पा रही। इस हालत में गांव का जो भी पानी तालाब में आता है वह ओवरफ्लो होकर गांव के दलित बस्ती में घुस जाता है।
इस पानी से बस्ती के करीब डेढ़ सौ लोग बुरी तरह से प्रभावित हैं। लोगों का कहना है कि वह इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों से लेकर जिलाधिकारी तक शिकायत कर चुके हैं। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह आने वाले पंचायत चुनाव में किसी को भी वोट नहीं करेंगे।
हाईवे निर्माण की वजह से भी काम में थोड़ी रुकावट आ रही है क्योंकि सड़क के दोनों और नाले का निर्माण होना है। तालाब खुदवाने का प्रस्ताव भेजा हुआ है, जल्द ही तालाब खुदवाया जाएगा। जिससे पानी के ओवरफ्लो की समस्या हट जाएगी। -डक्टर पंकज कुमार, बीडीओ
पांच साल हो गए हमारे गली से गंदा पानी नहीं निकला। हमारे बच्चे गंदगी के कारण बीमार पड़े हैं।
-बॉबी कुमार
प्रधान को पांच साल हो गए शिकायत करते लेकिन गंदे पानी की समस्या का हल नहीं हुआ। अब यदि उनकी नही सुनी तो वह वोट डालने के लिए नहीं जाएंगे। -अनिल कुमार
हमारे यहां 24 घंटे गंदगी रहती है लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। इस संबंध में कई बार शिकायत करने का भी कोई लाभ नहीं मिल रहा। -खजान सिंह
पांच साल हो गए हमारी कोई बात सुनने को तैयार नहीं है। पानी की निकासी न होने के कारण हमारे मकानों में दरारें हो गई है। -राजवीर सिंह

