जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए आज मतदान होना है। वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर इस चुनावी मुकाबले में आमने-सामने होंगे। सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हो गया है। 22 साल बाद हो रहे चुनाव के नतीजे 19 अक्तूबर को आएंगे। 9,000 से अधिक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के प्रतिनिधि गुप्त मतदान में पार्टी प्रमुख को चुनने के लिए मतदान चालू हो गया है। पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार चुनावी मुकाबले में एआईसीसी मुख्यालय और देश भर के 68 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है।
10:19 AM, 17-OCT-2022
हमें मिलकर पार्टी बनानी है: खड़गे
कर्नाटक में मल्लिकार्जुन खड़गे ने थरूर की उम्मीदवारी पर कहा कि यह हमारे आंतरिक चुनाव का हिस्सा है। हमने एक-दूसरे से जो कुछ भी कहा वह मैत्रीपूर्ण है। हम दोनों को मिलकर पार्टी बनानी है। उन्होंने कहा, मतदान से पहले शशि थरूर ने मुझे फोन किया और मुझे शुभकामनाएं दीं और मैंने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
10:17 AM, 17-OCT-2022
कार्यकर्ताओं के हाथ में कांग्रेस की किस्मत: थरूर
कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने मतदान से पहले कहा, मुझे विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी की किस्मत पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथ में हैं। खड़गे पर उन्होंने कहा, हमारे सामने कठनाईयां खड़ी हो गई हैं, क्योंकि पार्टी के नेता व अन्य संसाधन दूसरे उम्मीदवार के साथ हैं। थरूर ने कहा, कि यह कांग्रेस के पुनरुद्धार का समय है। उन्होंने बताया, आज मैंने खरगे से बात की और कहा कि जो कुछ भी हो रहा है, उसके बाद भी हम सहयोगी और दोस्त बने रहेंगे।
10:09 AM, 17-OCT-2022
अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुरू हो गए हैं। करीब 24 साल बाद कांग्रेस को गांधी परिवार से इतर कोई अध्यक्ष मिलेगा।

10:03 AM, 17-OCT-2022
मतदान से पहले मिस्त्री ने की अंतिम जांच
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदान शुरू होने से पहले केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने एआईसीसी कार्यालय में मत पेटियों की अंतिम जांच की।
09:30 AM, 17-OCT-2022
10 बजे खुलेगा भारत जोड़ो यात्रा का बूथ
कर्नाटक के बेल्लारी में भारत जोड़ो यात्रा शिविर में बनाया गया बूथ भी मतदान के लिए तैयार है। वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बताया, यह बूथ ठीक 10 बजे खुलेगा।
09:28 AM, 17-OCT-2022
कौन कहां करेगा मतदान
सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, प्रियंका गांधी समेत अन्य सीडब्ल्यूसी के सदस्य कांग्रेस मुख्यालय में बने बूथ में मतदान करेंगे। एक बूथ भारत जोड़ो यात्रा के कैंप में भी बनाया गया है, जहां राहुल गांधी और करीब 40 मतदाता मतदान करेंगे। मल्लिकार्जुन बेंगलुरु और शशि थरूर तिरुवनंतपुरम स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मतदान करेंगे।
09:24 AM, 17-OCT-2022
थरूर के सामने खड़गे का पलड़ा भारी
कांग्रेस हाईकमान का पसंदीदा नेता होने के नाते अध्यक्ष पद के लिए खड़गे का पलड़ा भारी माना जा रहा है। साथ ही पार्टी वरिष्ठ नेताओं का भी उन्हें समर्थन हासिल है। वहीं दूसरी ओर थरूर खुद को पार्टी में बदलाव का उम्मीदवार बताकर समर्थन जुटाते रहे हैं। मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान के बाद सीलबंद बक्सों को राज्यों से दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय लाया जाएगा।
09:14 AM, 17-OCT-2022
कहां-कब होगी वोटिंग?
अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए दिल्ली में स्थित कांग्रेस हेडक्वार्टर के अलावा देशभर में भी पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। बताया गया है कि भारत में कुल 68 जगहों पर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग की जाएगी। सभी प्रतिनिधि अपने राज्यों से अध्यक्ष पद के लिए वोट करेंगे। उनके लिए सुबह 10 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक वोटिंग का समय तय किया गया है।
08:19 AM, 17-OCT-2022
प्रदेश कांग्रेस के सभी दफ्तरों में मतदान जारी, चिदंबरम ने डाला वोट
कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए आज मतदान होना है। वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर इस चुनावी मुकाबले में आमने-सामने होंगे। सुबह 10 बजे से मतदान शुरू होगा।


