- गुजरात के सांवली स्थित कारखाने से ट्रेलर द्वारा पहुंची
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दिल्ली और मेरठ के बीच चलने वाली दूसरी रैपिड ट्रेन आज सुबह गाजियाबाद के दुहाई डिपो पर पहुंच गई। यह दूसरी ट्रेन गुजरात के सांवली स्थित कारखाने से छह अलग-अलग बड़े ट्रेलर पर रखकर गाजियाबाद के दुहाई डिपो लाई गई है। आरआरटीएस के सहायक जनसंपर्क अधिकारी राजीव चौधरी ने बताया कि अभी 28 और ट्रेनों की डिलीवरी होनी बाकी है। इससे पहले 16 जून को पहली रैपिड ट्रेन दुहाई डिपो पहुंच गई थी, जिसका कुछ दिनों पहले सफलतापूर्वक ट्रायल भी कर लिया गया है।

आरआरटीएस अधिकारियों ने बताया कि जब सभी 30 ट्रेनें दिल्ली मेरठ के 82 किमी लंबे कॉरिडोर पर दौड़ेगी, तब यह दिल्ली से मेरठ प्रतिदिन आठ लाख यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुचाएंगी। राजीव चौधरी के अनुसार इस कॉरिडोर के 17 किमी लंबे प्राथमिक खंड पर रैपिड दौड़ाने का काम बहुत तेजी के साथ चल रहा है। गौरतलब है कि प्राथमिक खंड दुहाई स्टेशन से साहिबाबाद के बीच है। रैपिड प्रशासन के अनुसार दुहाई पहुंची दूसरी रैपिड रेल का ट्रायल भी शीघ्र किया जाएगा।

