- वाहन चोर गैंग सोतीगंज में करा रहा गुपचुप चोरी की गाड़ियों का कटान
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सोतीगंज में एक बार फिर चोरी छिपे वाहनों का कटान होने पर पुलिस पर सवालिया निशान खड़े कर दिये हैं। गैर जिलों से वाहनों को चोरी कर यहां लाकर कटान करने वाला अंतरराज्यीय वाहन चोरों के इस गैंग ने सोतीगंज में फिर से अपने पैर पसारने शुरू कर दिये हैं। यही वजह है कि पुलिस द्वारा संरक्षित अंतरराज्यीय वाहन चोर शनिवार खुलेआम सदर थाने पहुंचा एक पक्ष पर कार्रवाई करने की तहरीर दी। उधर, पुलिस अफसरों को जैसे ही वांछित वाहन चोर की लोकेशन सदर थाने में मिली तो वह वहां से रफूचक्कर मिला।
दरअसल, शनिवार को अंतरराज्यीय वाहन चोर राहुल काला, सुहैल शीला, शादाब उर्फ बाबूलाल निवासी जली कोठी, सुभान ने कामरान के साथ शराब के नशे में मारपीट कर दी थी। कामरान उस वक्त बाइक पर घर जा रहा था। तभी उसे सुहैल शीला गैंग ने रोक लिया और मारपीट करने लगे। इस बीच कामरान बाइक की चाभी निकालकर वहां से भाग गया। उसने अपने भाई जुबैर और 112 नंबर पर पुलिस को फोन कर सूचना दे दी। 112 पुलिस वैन मौके पर पहुंची। इस बीच जुबैर भी वहां आ गया तो उसे दारोगा जितेंद्र उठाकर थाने ले गया।
वहीं, सुहैल शीला और उसके साथी भी सदर थाने पहुंच गये। दारोगा ने सुहैल शीला से मारपीट की तहरीर लिखवा उसे मेडिकल कराने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ जिला अस्पताल भेज दिया। इस बीच पुलिस अफसरों को पता चला कि वांछित वाहन चोर सुहैल शीला सदर थाने में है तो उन्होंने पूरे मामले का संज्ञान सीओ से लिया तो थाने में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में चुपचाप वाहन चोर सुहैल को थाने से कैसे गायब हुआ, ये सवाल खड़ा होता है। रविवार को पुलिस अफसरों ने सदर थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगलवाया और शनिवार को हुई घटना के बारे में जानकारी एकत्र की।
थाने से निकल सुहैल शीला पहुंचा क्राइम ब्रांच आॅफिस
सदर थाने से वाहन चोर सुहैल शीला शाम के वक्त सीधे पुलिस लाइन स्थित क्राइम ब्रांच आॅफिस एसओजी वालों के पास पहुंचा। वहां काफी देर तक वह रुका और कुछ एसओजी के सिपाहियों से बातचीत के बाद लौट गया।
ये हैं शातिर वाहन चोरों का गैंग
- राहुल काला निवासी सोतीगंज हवेली-गैर राज्यों और गैर जिलों में भी दर्ज हैं वाहन चोरी के मुकदमे
- सुहैल शीला निवासी जली कोठी-दिल्ली, गाजियाबाद, हरियाणा आदि अन्य जिलो में दर्ज हैं अपराधिक मुकदमे
- शादाब उर्फ बाबूलाल निवासी जली कोठी-दर्जनों मुकदमे दर्ज
- जाकिर 26 निवासी जली कोठी-कई मुकदमे दर्ज जिले गैर जिले में
मोहसिन कबाड़ी के घर पर की थी फायरिंग
अंतरराज्यीय वाहन चोरोें के इस गु्रप ने 25 दिसम्बर वर्ष 2022 को गंज बाजार निवासी मोहसिन के घर फायरिंग की थी। फायरिंग के दौरान मोहसिन बाल-बाल बच गया था, लेकिन फायरिंग के बाद इसी गैंग ने फोन पर मोहसिन को धमकाते हुए उसके ऐलानिया कत्ल की धमकी दी थी। मोहसिन की पत्नी निदा ने सदर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें पुलिस ने सुहैल उर्फ शीला, बाबूलाल उर्फ शादाब,मोनू, नानू,जाकिर उर्फ 26, अलमास वजीर वाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सूत्रों की मानें तो उक्त केस में अभी विवेचना चल रही है। उस वक्त भी दारोगा ने इन पर हल्की धारा में मुकदमा दर्ज किया था।
कोर्ट से स्टे था तो थाने से क्यों भगाया ?
सुहैल उर्फ शीला पर लालकुर्ती थाने और सदर थाने व देहली गेट थाने में मुकदमे दर्ज हैं। अगर लालकुर्ती थाने के मुकदमे में उसे कोर्ट से स्टे था तो वह थाने से क्यों फरार हुआ। वहीं अगर स्टे नहीं था तो उसकी गिरफ्तारी पुलिस ने क्यों नहीं की। यह सवाल पुलिस अफसरों के लिए हैरत करने वाला है। पुलिस अफसरों ने उसे रविवार को थाने में पेश होने के लिए कहा, लेकिन वह थाने नहीं पहुंचा।

